Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

खेल संघों के साथ समन्वय से खिलाड़ियों को मिलेंगे ज्यादा अवसर, खेल गतिविधियों में तेजी के निर्देश

रायपुर, 17 सितंबर 2026। प्रदेश में खिलाड़ियों को अधिक से अधिक प्रतियोगिताओं, प्रशिक्षण और मंच उपलब्ध कराने के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने खेल संघों के साथ बेहतर संवाद और समन्वय पर जोर दिया है। खेल गतिविधियों को जिला स्तर तक विस्तार देने और नई खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ाने के लिए विभाग और खेल संघ मिलकर कार्ययोजना तैयार करेंगे।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने गुरुवार को विभागीय अधिकारियों और प्रदेश के खेल संघों के पदाधिकारियों की बैठक ली। बैठक में खेल गतिविधियों में तेजी लाने और विभाग व संघों के बीच समन्वय मजबूत करने के निर्देश दिए गए।

राजधानी रायपुर स्थित खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालनालय में हुई बैठक में प्रदेश के 25 से अधिक प्रमुख राज्य खेल संघों के पदाधिकारी शामिल हुए। संयुक्त संचालक प्रभाकर पाण्डेय, उप संचालक (वित्त) रवि अग्रवाल, सहायक संचालक रुस्तम सारंग और खेल अधिकारी गिरीश शुक्ला भी बैठक में मौजूद रहे।

खेल संघों को वार्षिक कैलेंडर भेजने के निर्देश

संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने सभी खेल संघों को अपना वार्षिक खेल कैलेंडर अनिवार्य रूप से खेल संचालनालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं की पूर्व जानकारी मिलने से विभाग और संघ मिलकर प्रतियोगिताओं, प्रशिक्षण और खिलाड़ियों के लिए आवश्यक सुविधाओं की बेहतर तैयारी कर सकेंगे।

उन्होंने प्रदेश के सभी 33 जिलों में जिला स्तरीय खेल संघों के चरणबद्ध पंजीयन और विभागीय मान्यता की प्रक्रिया जल्द पूरी करने पर भी जोर दिया।

बस्तर और सरगुजा के दूरस्थ क्षेत्रों पर फोकस

बैठक में बस्तर और सरगुजा संभाग समेत दूरस्थ अनुसूचित क्षेत्रों में खेल गतिविधियों के विस्तार की रणनीति पर चर्चा हुई। संचालक ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को अवसर केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। जिलों और दूरस्थ क्षेत्रों से सामने आने वाले खिलाड़ियों को भी प्रतियोगिताओं, प्रशिक्षण और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए।

इसके लिए जिला स्तर पर खेल संघों की सक्रिय भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया।

टॉप-100 एथलीट्स से जुड़ी जानकारी जल्द देने के निर्देश

बैठक में वर्तमान में जारी टॉप-100 एथलीट्स में शामिल अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों से संबंधित अप्राप्त जानकारी जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। खिलाड़ियों से जुड़ी जानकारी को व्यवस्थित रखने और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को पारदर्शी व सरल बनाने पर जोर दिया गया।

संयुक्त रिव्यू समिति का होगा गठन

खेल संघों और विभाग के बीच नियमित संवाद को संस्थागत रूप देने के लिए बैठक में संयुक्त रिव्यू समिति गठित करने की घोषणा की गई। यह समिति खेल गतिविधियों की प्रगति, खिलाड़ियों से जुड़े विषयों और खेल संघों की आवश्यकताओं की नियमित समीक्षा करेगी।

इसके अलावा खेल संस्थाओं के पंजीयन से जुड़े मामलों को लेकर रजिस्ट्रार फर्म एवं सोसाइटी कार्यालय के साथ समन्वय बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

खिलाड़ियों को डोपिंग के प्रति किया जाएगा जागरूक

बैठक में खिलाड़ियों को डोपिंग के दुष्प्रभावों और प्रतिबंधित पदार्थों के संबंध में जागरूक करने के लिए डोपिंग सेमिनार आयोजित करने पर भी सहमति बनी।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने खेल संघों से निरंतर समन्वय बनाए रखते हुए प्रदेश में खेल गतिविधियों को व्यापक और प्रभावी बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा की है। विभाग का लक्ष्य खेल संघों की विशेषज्ञता और सरकारी संसाधनों के समन्वय से ऐसा खेल तंत्र विकसित करना है, जिसमें जिला और दूरस्थ क्षेत्रों के खिलाड़ियों को प्रतियोगिता, प्रशिक्षण और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिल सकें।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button