Follow Us on Our Social Media
National

बंगाल में अदाणी ग्रुप की बड़ी एंट्री: 24 सितंबर को 3 प्रोजेक्ट्स की शुरुआत संभव, 2,000 बेड का अस्पताल भी शामिल

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में अदाणी ग्रुप ( Adani Group) से जुड़े तीन बड़े प्रोजेक्ट जल्द शुरू हो सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक 24 सितंबर को इन परियोजनाओं की शुरुआत की जा सकती है। इस मौके पर अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी के मौजूद रहने की संभावना है। इन परियोजनाओं में ऐतिहासिक राइटर्स बिल्डिंग का रिन्यूअल, उत्तरी कोलकाता के कुमारतुली घाट का रीडेवलपमेंट और न्यू टाउन में 2,000 बेड वाले अस्पताल की स्थापना शामिल है।

इन परियोजनाओं के जरिए एक ओर कोलकाता की ऐतिहासिक धरोहरों को नया स्वरूप देने की योजना है, वहीं दूसरी ओर स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में भी बड़ा निवेश प्रस्तावित है। कुमारतुली घाट का विकास कलकत्ता पोर्ट के सहयोग से किया जाएगा।

राइटर्स बिल्डिंग को पुराने स्वरूप में लाने की तैयारी

कोलकाता की पहचान मानी जाने वाली राइटर्स बिल्डिंग के रिन्यूअल प्रोजेक्ट को लेकर अदाणी ग्रुप ( Adani Group)  ने शुरुआती तैयारियां शुरू कर दी हैं। रिपोर्ट के अनुसार ग्रुप की एक टीम बिल्डिंग का निरीक्षण कर चुकी है। टीम इस बात पर अध्ययन कर रही है कि ब्रिटिश काल में बनी इस ऐतिहासिक इमारत के मूल ढांचे और वास्तुकला को किस तरह बरकरार रखते हुए इसका रिन्यूअल किया जाए।

इस प्रोजेक्ट पर करीब 100 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। हालांकि काम शुरू करने के लिए राज्य सरकार की मंजूरी जरूरी होगी। मंजूरी मिलने के बाद अदाणी ग्रुप परियोजना को आगे बढ़ा सकता है।

राइटर्स बिल्डिंग लंबे समय से पश्चिम बंगाल के प्रशासनिक और राजनीतिक इतिहास का अहम हिस्सा रही है। ऐसे में इसके रिन्यूअल का उद्देश्य केवल भवन की मरम्मत तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ऐतिहासिक स्वरूप को संरक्षित रखने पर भी जोर रहेगा।

कुमारतुली घाट पर 10 करोड़ का प्रोजेक्ट

अदाणी ग्रुप के दूसरे प्रोजेक्ट में कुमारतुली घाट और चंपतला घाट के बीच करीब 300 मीटर क्षेत्र का रीडेवलपमेंट किया जाना है। इस परियोजना में ऐतिहासिक इमारतों, मंदिरों और धार्मिक स्थलों के जीर्णोद्धार के साथ नदी किनारे के पूरे इलाके को बेहतर बनाने की योजना है।

इस प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत करीब 10 करोड़ रुपए है और इसमें अदाणी ग्रुप अपनी कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत भागीदारी कर रहा है।

रीडेवलपमेंट के बाद नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, पैदल चलने वालों के लिए बेहतर रास्ते तैयार करने और नदी तक लोगों की पहुंच आसान बनाने की योजना है। इसके अलावा सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए स्थान, खाने-पीने के स्टॉल और सार्वजनिक शौचालय भी विकसित किए जाएंगे।

घाट क्षेत्र में बोटिंग जैसी मनोरंजन गतिविधियों को बढ़ावा देने की भी योजना है। इसके साथ पेड़ लगाने, बेहतर लाइटिंग और निगरानी के लिए सिस्टम तैयार किया जाएगा। इससे धार्मिक और पर्यटन गतिविधियों के साथ स्थानीय लोगों के लिए भी सुविधाएं बढ़ने की उम्मीद है।

न्यू टाउन में बनेगा 2,000 बेड का अस्पताल

तीसरा प्रोजेक्ट स्वास्थ्य क्षेत्र ( Adani Group)  से जुड़ा है। न्यू टाउन में 2,000 बेड का अस्पताल बनाने की योजना है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के राज्य के लिए कुछ बड़ा करने के अनुरोध के बाद अदाणी ग्रुप ने इस प्रोजेक्ट को मंजूरी दी।

प्रस्तावित अस्पताल के 1,000 बेड आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए आरक्षित रखने की योजना बताई गई है। बाकी 1,000 बेड का इस्तेमाल कमर्शियल आधार पर किया जाएगा। इससे गरीब और जरूरतमंद मरीजों को इलाज की सुविधा मिलने के साथ निजी स्वास्थ्य सेवाओं का भी विस्तार होगा।

न्यू टाउन-राजारहाट क्षेत्र में पहले से ही टाटा ग्रुप का टाटा मेडिकल सेंटर मौजूद है, जो कैंसर के इलाज और रिसर्च के लिए जाना जाता है। ऐसे में अदाणी ग्रुप का बड़ा अस्पताल प्रोजेक्ट इस क्षेत्र को स्वास्थ्य सेवाओं के एक प्रमुख केंद्र के रूप में और मजबूत कर सकता है।

डीप-सी पोर्ट में भी रुचि

बंगाल में अदाणी ग्रुप की गतिविधियां इन तीन परियोजनाओं तक सीमित नहीं हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, ग्रुप ने पूर्वी मिदनापुर के दादानपात्राबार में प्रस्तावित डीप-सी पोर्ट के लिए टेंडर प्रक्रिया में हिस्सा लेने में भी रुचि दिखाई है।

राज्य में बड़े औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने की कोशिशों के बीच अदाणी ग्रुप की इन परियोजनाओं को अहम माना जा रहा है। राइटर्स बिल्डिंग और कुमारतुली घाट जैसे ऐतिहासिक स्थलों के विकास से विरासत संरक्षण और पर्यटन को बढ़ावा मिल सकता है, जबकि 2,000 बेड का अस्पताल स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी सुविधा के रूप में सामने आ सकता है।

24 सितंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम के बाद इन परियोजनाओं की दिशा और समयसीमा को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button