Follow Us on Our Social Media
National

NSE IPO 17 सितंबर से खुलेगा: 1,785 प्राइस बैंड, GMP 191; जानिए 5 बड़े अपडेट

दिल्ली। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज यानी NSE का बहुप्रतीक्षित IPO 17 सितंबर 2026 से निवेशकों के लिए खुलने जा रहा है। यह इश्यू 21 सितंबर तक सब्सक्रिप्शन के लिए खुला रहेगा, जबकि एंकर निवेशक 16 सितंबर को बोली लगा सकेंगे।

NSE ने IPO का प्राइस बैंड ₹1,700 से ₹1,785 प्रति शेयर तय किया है। 8 शेयरों का एक लॉट होगा, यानी रिटेल निवेशक को कम से कम ₹14,280 लगाने होंगे। ग्रे मार्केट में NSE के अनलिस्टेड शेयरों का GMP फिलहाल ₹191 बताया जा रहा है।

प्राइस बैंड के ऊपरी स्तर पर इसके आधार पर संभावित लिस्टिंग कीमत करीब ₹1,976 बनती है। हालांकि GMP अनौपचारिक संकेतक है और इसमें लगातार बदलाव हो सकता है।

1. 17 सितंबर से शुरू होगा IPO

NSE का IPO 17 सितंबर को खुलेगा और 21 सितंबर को बंद होगा। एंकर निवेशकों के लिए बोली 16 सितंबर को लगाई जाएगी। IPO के शेयरों का अलॉटमेंट 22 सितंबर को होने की उम्मीद है। वहीं, NSE के शेयरों की संभावित लिस्टिंग 24 सितंबर को हो सकती है।

यह इश्यू बाजार के लिए इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि NSE देश का सबसे बड़ा स्टॉक एक्सचेंज है और लंबे समय से इसके IPO का इंतजार किया जा रहा था।

2. ₹1,700 से ₹1,785 है प्राइस बैंड

NSE ने अपने रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस यानी RHP में शेयर का प्राइस बैंड 1,700 से ₹1,785 तय किया है। IPO का लॉट साइज 8 शेयरों का है। इस हिसाब से ऊपरी प्राइस बैंड पर एक लॉट खरीदने के लिए रिटेल निवेशक को ₹14,280 लगाने होंगे।

NSE के कर्मचारियों के लिए प्रति शेयर ₹170 की छूट का प्रावधान भी किया गया है।

3. पूरी तरह OFS है इश्यू

NSE IPO पूरी तरह ऑफर फॉर सेल यानी OFS है। इसमें मौजूदा शेयरधारक अपने 12,64,36,650 शेयर बेचेंगे। ऊपरी प्राइस बैंड के हिसाब से इश्यू का कुल आकार करीब ₹22,568.94 करोड़ है।

पहले करीब 14.9 करोड़ शेयर बेचने की योजना थी, लेकिन बाद में OFS का आकार घटा दिया गया। इसी वजह से IPO का आकार शुरुआती अनुमानित करीब ₹30 हजार करोड़ से कम हो गया है।

चूंकि यह OFS है, इसलिए IPO से मिलने वाली रकम सीधे NSE को नहीं मिलेगी। शेयर बेचने वाले मौजूदा निवेशकों को ही बिक्री की रकम प्राप्त होगी।

4. GMP ₹191, करीब 10.70% लिस्टिंग गेन का संकेत

NSE IPO को लेकर ग्रे मार्केट में भी हलचल बनी हुई है। शुक्रवार को NSE के अनलिस्टेड शेयरों का GMP करीब ₹191 बताया गया। अगर ऊपरी प्राइस बैंड ₹1,785 में ₹191 का GMP जोड़ा जाए तो संभावित लिस्टिंग कीमत करीब ₹1,976 बैठती है।

इस हिसाब से IPO के ऊपरी प्राइस बैंड की तुलना में करीब 10.70% का संभावित लिस्टिंग गेन बनता है। हालांकि, यह केवल ग्रे मार्केट का संकेत है। GMP आधिकारिक आंकड़ा नहीं होता और लिस्टिंग के समय वास्तविक कीमत इससे अलग हो सकती है।

5. SBI समेत कई शेयरधारकों ने घटाई हिस्सेदारी बिक्री

RHP के अनुसार, SBI ने अपने प्रस्तावित OFS को 2.47 करोड़ शेयर से घटाकर करीब 1.60 करोड़ शेयर कर दिया है। वहीं मॉर्गन स्टेनली स्ट्रैटेजिक (मॉरीशस) लिमिटेड ने अपनी प्रस्तावित बिक्री 1.60 करोड़ से घटाकर 1.10 करोड़ शेयर कर दी है।

बैंक ऑफ बड़ौदा, स्टॉक होल्डिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया और जनरल इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया ने भी अपने प्रस्तावित शेयरों की संख्या घटाई है। SBI कैपिटल मार्केट्स लिमिटेड को RHP में नए विक्रेता शेयरधारक के तौर पर शामिल किया गया है।

लीड मैनेजर और रजिस्ट्रार

NSE IPO के लिए कोटक महिंद्रा कैपिटल कंपनी लिमिटेड बुक रनिंग लीड मैनेजर है, जबकि MUFG इनटाइम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड रजिस्ट्रार है। IPO को पिछले सप्ताह बाजार नियामक सेबी से आगे बढ़ने की मंजूरी मिल चुकी है।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button