Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री हुई फिल्म ‘हनुमान अंश’, CM साय ने परिवार संग देखी फिल्म; बोले- नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ेंगी ऐसी फिल्में

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने फिल्म ‘हनुमान अंश’ को राज्य में टैक्स फ्री करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर के जोरा मॉल स्थित सिनेमाघर में सपरिवार फिल्म देखने के बाद इसे टैक्स फ्री करने का ऐलान किया।

इस दौरान राज्यपाल रमेन डेका और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी सपरिवार मौजूद रहे। मंत्रिपरिषद के सदस्यों के साथ विभिन्न निगम-मंडल-आयोगों के अध्यक्षों ने भी फिल्म देखी।

भारतीय संस्कृति और संत परंपरा से जोड़ने वाली फिल्म

फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा से समाज को परिचित कराने वाली प्रेरणादायी फिल्मों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना चाहिए।

उन्होंने कहा कि फिल्म को टैक्स फ्री किए जाने से प्रदेश के ज्यादा से ज्यादा दर्शकों, खासकर युवाओं को भारत की समृद्ध संत परंपरा और उसके जीवन मूल्यों को जानने का अवसर मिलेगा।

‘मानव सेवा ही ईश्वर की सच्ची सेवा’

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की संत परंपरा ने हमेशा समाज को सत्य, सेवा, करुणा, प्रेम और आध्यात्मिकता का रास्ता दिखाया है। संतों ने अपने जीवन और आचरण के जरिए मानवता और लोककल्याण का संदेश दिया है।

उन्होंने कहा कि नीम करौली बाबा का जीवन भी इसी महान संत परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनका जीवन यह संदेश देता है कि मानव सेवा ही ईश्वर की सच्ची सेवा है।

सीएम साय ने कहा कि नीम करौली बाबा ने सरल शब्दों और सहज जीवन के माध्यम से प्रेम, सेवा और भक्ति का संदेश दिया। उनके विचारों में मानवता और सभी के प्रति समान भाव को सर्वोच्च स्थान मिला। उनका संदेश आज भी प्रासंगिक है और समाज को सकारात्मक दिशा देने की क्षमता रखता है।

CM साय ने फिल्म की टीम की सराहना की

मुख्यमंत्री ने फिल्म के निर्माता, निर्देशक, कलाकारों और पूरी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज तक विचार, संस्कार और प्रेरणा पहुंचाने का प्रभावी माध्यम भी है।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा पर आधारित सकारात्मक फिल्में नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, परंपराओं और मानवीय मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

‘हनुमान अंश’ किस पर आधारित है?

उल्लेखनीय है कि फिल्म ‘हनुमान अंश’ नीम करौली बाबा के जीवन, उनकी आध्यात्मिक यात्रा और सेवा एवं भक्ति के संदेश पर आधारित है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक शक्ति उसकी हजारों वर्षों पुरानी परंपराओं और जीवन मूल्यों में निहित है। सेवा, करुणा, सद्भाव और मानव कल्याण जैसे मूल्यों को आगे बढ़ाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। ‘हनुमान अंश’ जैसी फिल्में इन मूल्यों को सरल और प्रभावी तरीके से समाज तक पहुंचाने का सराहनीय प्रयास हैं।

इस अवसर पर मंत्रिपरिषद के सदस्य, विभिन्न निगम-मंडल-आयोगों के अध्यक्ष और अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button