देशभर में बैंक कर्मचारियों की एक दिवसीय हड़ताल, 5-डे बैंकिंग की मांग; रायपुर-जगदलपुर में भी जोरदार प्रदर्शन

रायपुर। देशभर में बैंक अधिकारी और कर्मचारी आज एक दिवसीय हड़ताल पर हैं। इसका सीधा असर बैंकिंग सेवाओं पर देखने को मिल रहा है। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में 5-डे बैंकिंग लागू करना और PLI यानी Performance Linked Incentive में समानता शामिल है। रायपुर में PNB परिसर, मोती बाग चौक में बड़ी संख्या में बैंक कर्मचारियों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया।
रायपुर से जगदलपुर तक बैंक कर्मचारी हड़ताल पर
रायपुर के अलावा जगदलपुर में भी बैंक कर्मचारी हड़ताल में शामिल हैं। कर्मचारियों का कहना है कि 5-डे बैंकिंग की मांग लंबे समय से लंबित है। उनका तर्क है कि अन्य वित्तीय संस्थानों की तरह बैंकिंग सेक्टर में भी पांच दिन काम और दो दिन अवकाश की व्यवस्था लागू होनी चाहिए।
कर्मचारियों के मुताबिक, इससे वर्क लाइफ और निजी जीवन के बीच बेहतर संतुलन बनाने में मदद मिलेगी।
28 बैंकों के कर्मचारी-अधिकारी शामिल
हड़ताल में सरकारी और निजी क्षेत्र के करीब 28 बैंकों के कर्मचारी और अधिकारियों के शामिल होने का दावा किया गया है। बैंक कर्मचारियों ने ग्राहकों से अपील की है कि हड़ताल के दौरान बैंकिंग जरूरतों के लिए ATM, UPI और नेट बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल करें।
मांगें नहीं मानीं तो सितंबर में 3 दिन की हड़ताल
बैंक कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि अगर आज की एक दिवसीय हड़ताल के बाद भी उनकी मांगों पर सरकार की ओर से कोई ठोस फैसला नहीं लिया जाता है, तो 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय हड़ताल की जाएगी।
इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं होने पर कर्मचारियों ने अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का ऐलान किया है। ऐसे में आने वाले दिनों में बैंकिंग सेवाओं पर इसका और व्यापक असर पड़ सकता है।



