यशस्वी जायसवाल और यश राठोर के शतकों से भारत ए ने बचाया मैच, न्यूजीलैंड ए के खिलाफ दूसरा टेस्ट ड्रॉ

भारत ए और न्यूजीलैंड ए के बीच क्राइस्टचर्च में खेला गया दूसरा अनऑफिशियल टेस्ट मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ। मुकाबले के चौथे दिन यशस्वी जायसवाल और यश राठोर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़े। दोनों बल्लेबाज अंत तक नाबाद रहे और भारतीय टीम को हार से बचाने में अहम भूमिका निभाई। इससे पहले लिंकन में खेला गया पहला टेस्ट भी ड्रॉ रहा था। इस तरह तीन मैचों की सीरीज के शुरुआती दोनों मुकाबले बेनतीजा रहे।
यशस्वी जायसवाल ने जड़े 5 छक्के
यशस्वी जायसवाल ने दूसरी पारी में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 162 गेंदों पर नाबाद 155 रन बनाए। उनकी पारी में 15 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने सीरीज की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
इससे पहले यह रिकॉर्ड आकाश दीप के नाम था। उन्होंने पहले अनऑफिशियल टेस्ट में 17 गेंदों पर 25 रन की पारी खेलते हुए 3 छक्के लगाए थे। यशस्वी की यह पारी लंबे समय बाद उनकी फॉर्म में वापसी के लिहाज से भी अहम रही।
यश राठोर ने भी जड़ा शतक, 247 रन की साझेदारी
दूसरी ओर यश राठोर ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 122 गेंदों पर नाबाद 100 रन बनाए। उनकी पारी में 9 चौके शामिल रहे। यह उनके फर्स्ट क्लास करियर का 12वां शतक है।
यशस्वी जायसवाल और यश राठोर के बीच तीसरे विकेट के लिए 245 गेंदों पर 247 रन की शानदार साझेदारी हुई। इस दौरान यशस्वी ने 132 रन का योगदान दिया, जबकि यश राठोर ने 100 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों की आक्रामक बल्लेबाजी के सामने न्यूजीलैंड ए के गेंदबाज बेअसर नजर आए।
शुरुआत में लगे दो झटके, फिर संभली भारतीय पारी
मुकाबले के चौथे दिन भारतीय टीम को शुरुआत में दो झटके लगे। साई सुदर्शन आउट हो गए, जबकि देवदत्त पडिक्कल पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसके बाद यशस्वी जायसवाल और यश राठोर ने मोर्चा संभाला और शानदार साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
दोनों बल्लेबाजों के नाबाद शतक के बाद चार दिवसीय मुकाबले को समय से पहले ही ड्रॉ घोषित कर दिया गया। अब दोनों टीमों के बीच सीरीज का तीसरा और आखिरी अनऑफिशियल टेस्ट खेला जाएगा।


