नूर अहमद ने जिम्बाब्वे के खिलाफ रचा इतिहास, 13 रन देकर झटके 5 विकेट; 10वीं के टॉपर रहे हैं अफगान स्पिनर

अफगानिस्तान के युवा स्पिनर नूर अहमद ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करते हुए नया मुकाम हासिल किया। उन्होंने महज 13 रन देकर 5 विकेट चटकाए। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह पहली बार है, जब नूर ने एक मैच में पांच विकेट लेने का कारनामा किया है। उनके इस प्रदर्शन की बदौलत अफगानिस्तान ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में जिम्बाब्वे का 3-0 से सफाया कर दिया।
13 रन देकर झटके 5 विकेट
शारजाह में 1 नवंबर को खेले गए सीरीज के तीसरे और आखिरी मुकाबले में जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी की। हालांकि, नूर अहमद की घातक गेंदबाजी के सामने उसकी पूरी टीम 14.3 ओवर में महज 79 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। नूर ने 3.3 ओवर में सिर्फ 13 रन खर्च किए और पांच बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।
जिम्बाब्वे से मिले 80 रन के लक्ष्य को अफगानिस्तान ने आसानी से हासिल कर लिया। टीम ने 8.1 ओवर में तीन विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ अफगानिस्तान ने तीन मैचों की टी20 सीरीज 3-0 से जीत ली।
10वीं कक्षा में स्कूल टॉपर थे नूर अहमद
नूर अहमद की क्रिकेट तक पहुंचने की कहानी भी काफी दिलचस्प है। वह पढ़ाई में बेहद होनहार थे और 10वीं कक्षा में अपने स्कूल के टॉपर रहे थे। जब उन्होंने प्रोफेशनल क्रिकेट में करियर बनाने का फैसला किया, तब उनके पिता मोहम्मद आमिर इस फैसले के पक्ष में नहीं थे।
नूर ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उनके पिता को चिंता थी कि वह क्रिकेट में उच्च स्तर तक पहुंच पाएंगे या नहीं। पढ़ाई में अच्छे होने के कारण पिता चाहते थे कि वह अपनी पढ़ाई जारी रखें और क्रिकेट के बजाय स्कूल पर ध्यान दें।
भाई ने क्रिकेटर बनने में निभाई अहम भूमिका
नूर को क्रिकेट से दूर रखने का दबाव सिर्फ परिवार तक सीमित नहीं था। उनके स्कूल के शिक्षक और यहां तक कि प्रिंसिपल भी उनके पिता से मिलकर उन्हें क्रिकेट खेलने से रोकने और पढ़ाई जारी रखने की सलाह देते थे।
हालांकि, नूर के क्रिकेटर बनने के फैसले में उनके भाई ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने परिवार को मनाने में मदद की और नूर के लिए क्रिकेट में आगे बढ़ने का रास्ता तैयार किया। आज नूर अहमद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी पहचान बना चुके हैं और जिम्बाब्वे के खिलाफ उनका पांच विकेट का प्रदर्शन उनके करियर की बड़ी उपलब्धियों में शामिल हो गया है।


