Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

‘वंदे मातरम’ विवाद पर शिवराज का कांग्रेस पर हमला, बोले- कर्नाटक सरकार का फैसला अलोकतांत्रिक, भारत माता का अपमान

रायपुर। कर्नाटक सरकार के ‘वंदे मातरम’ को लेकर लिए गए फैसले पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस संविधान की धज्जियां उड़ा रही है। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि संसद में विधेयक पारित कर ‘वंदे मातरम’ को लेकर कानून बनाया गया है, ऐसे में कर्नाटक सरकार का फैसला अलोकतांत्रिक है। उन्होंने इसे भारत माता का अपमान भी बताया।

PM आवास और लखपति दीदी कार्यक्रम में पहुंचे शिवराज

सक्ती जिले के ग्राम जेठा में आयोजित PM आवास और लखपति दीदी सम्मान कार्यक्रम में शामिल होने रायपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने मीडिया से चर्चा की। उन्होंने छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के कामकाज की तारीफ करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता ने भाजपा को बहुत प्यार दिया है और यहां विकास की बयार बह रही है।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘कका’ और कांग्रेस ने मिलकर छत्तीसगढ़ को तबाह किया था। भाजपा ने गरीबों को मकान का अधिकार दिया है।

छत्तीसगढ़ में हर दिन बन रहे 1600 मकान

शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि छत्तीसगढ़ में गरीबों के लिए 3 लाख 65 हजार से अधिक मकान स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि आज मुख्यमंत्री को इन मकानों की स्वीकृति पत्र दिए जा रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री के मुताबिक, प्रदेश में हर दिन करीब 1600 मकान पूरे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य में भी छत्तीसगढ़ अपना योगदान दे रहा है।

उन्होंने बताया कि विकसित भारत के तहत खेत से सड़क योजना को भी शामिल किया गया है और छत्तीसगढ़ के लिए 36 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। ग्रामीण विकास विभाग की ओर से प्रदेश के लिए सड़कों को भी मंजूरी दी गई है।

PM मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन का किया जिक्र

17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने का जिक्र करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश का स्वाभिमान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि भारत माता फिर से अंगड़ाई ले रही है और देश विश्व गुरु बनने के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।

BRICS पर कांग्रेस के सवालों का दिया जवाब

BRICS सम्मेलन को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर भी शिवराज सिंह चौहान ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि दुनिया की आधी आबादी का नेतृत्व एक मंच पर इकट्ठा हो रहा है और पूरी दुनिया की नजर BRICS सम्मेलन पर है।

केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ता है तो कांग्रेस के पेट में दर्द होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश की प्रतिष्ठा पर उंगली उठाती है और देश की प्रगति तथा विकास से खुश नहीं हो सकती।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button