महिला के बाद अब ब्राउन शुगर सप्लायर भी गिरफ्तार!
5 साल जेल काट चुका आरोपी फिर बेच रहा था नशीले इंजेक्शन

अंबिकापुर। सरगुजा में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग और पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। नशीले इंजेक्शन के मामले में पहले एक महिला की गिरफ्तारी हुई थी, अब उसी की निशानदेही पर इंजेक्शन सप्लाई करने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी पहले ब्राउन शुगर की तस्करी के मामले में 5 साल जेल की सजा काट चुका है, लेकिन जेल से बाहर आने के बाद उसने फिर नशे का कारोबार शुरू कर दिया।
महिला की निशानदेही पर सप्लायर दबोचा गया
आबकारी विभाग की संभागीय उड़नदस्ता टीम ने रविवार को मुखबिर की सूचना पर अंबिकापुर के ब्रह्मपारा इलाके में रहने वाली आशा पांडेय को नशीले इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार किया था। कार्रवाई के दौरान महिला ने इंजेक्शन से भरा बैग फेंककर टीम को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद महिला जवान की सतर्कता से उसकी चालाकी नाकाम हो गई और उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि उसे नशीले इंजेक्शन उसके ही मोहल्ले में रहने वाला राजेश मंदिलवार उर्फ बूटन सप्लाई करता था। इसके बाद टीम ने देर शाम आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।
ब्राउन शुगर बेचने में काट चुका है 5 साल की जेल
आबकारी विभाग के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी राजेश मंदिलवार पहले ब्राउन शुगर की तस्करी करता था। इसी मामले में वह करीब 5 साल तक जेल में रह चुका है। जेल से बाहर आने के बाद उसने अपना धंधा नहीं छोड़ा, बल्कि इस बार नशीले इंजेक्शन की सप्लाई शुरू कर दी। सोमवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
सरगुजा में नशे के नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई
आबकारी विभाग का दावा है कि सरगुजा जिले में नशे का अवैध कारोबार करने वाले करीब 80 प्रतिशत सप्लायर और पैडलर अब तक गिरफ्तार किए जा चुके हैं। विभाग के अनुसार, जिले में मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश और झारखंड के गढ़वा से नशीले इंजेक्शन, कफ सिरप और ब्राउन शुगर की सप्लाई की जाती है।
अधिकारियों ने लोगों से भी अपील की है कि यदि आसपास कहीं नशे का अवैध कारोबार होता दिखाई दे, तो उसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि ऐसे नेटवर्क पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।

