Chhattisgarh

पीएम मोदी के बयान पर भूपेश बघेल का पलटवार, बोले- नेता बदलने पर दूसरों को न दें उपदेश

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कांग्रेस शासित राज्यों में असंतोष और नेतृत्व परिवर्तन को लेकर दिए गए बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा खुद नेताओं को ताश के पत्तों की तरह बदलती है और फिर दूसरों को उपदेश देती है।

भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस की चिंता करने के बजाय प्रधानमंत्री को देश के अहम मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, किसानों के लिए खाद-बीज की उपलब्धता और नीट परीक्षा से जुड़े विवादों का जिक्र करते हुए केंद्र सरकार पर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि खेती-किसानी का मौसम शुरू हो चुका है, लेकिन किसानों को अभी तक जरूरी संसाधनों की स्थिति स्पष्ट नहीं है। वहीं नीट परीक्षा में गड़बड़ियों को लेकर भी सरकार को जवाब देना चाहिए।

कर्मचारियों को सार्वजनिक रूप से अपमानित करना गलत

कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन द्वारा आंदोलन की चेतावनी पर प्रतिक्रिया देते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि किसी भी कर्मचारी का सम्मान बना रहना चाहिए। यदि कोई गलती करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है, लेकिन केवल प्रचार या दिखावे के लिए सार्वजनिक रूप से धमकाना और अपमानित करना उचित नहीं है।

भाजपा मुझे ही निशाना बनाती है: भूपेश

भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता दिन-रात उन्हें ही निशाना बनाते हैं। बघेल ने कहा कि यह अच्छी बात है कि भाजपा उन्हें अपना प्रमुख राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी मानती है।

झारखंड राज्यसभा चुनाव के लिए बने पर्यवेक्षक

कांग्रेस ने झारखंड में होने वाले राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव के लिए भूपेश बघेल और वरिष्ठ नेता अजय शर्मा को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। इस पर बघेल ने कहा कि पार्टी ने उन पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने बताया कि वह इस संबंध में दिल्ली और उसके बाद रांची जाएंगे, जहां चुनावी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।

भूपेश बघेल ने कहा कि पार्टी द्वारा दी गई जिम्मेदारी को वह पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ निभाएंगे।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button