नेपाल आपदा के बाद बिलासपुर की महिला लापता, 30 लोगों के दल के साथ गई थीं मंजू रॉय चौधरी; प्रशासन तलाश में जुटा

बिलासपुर। नेपाल में आई आपदा के बाद छत्तीसगढ़ के कई लोगों के लापता होने की खबरों के बीच बिलासपुर की मंजू रॉय चौधरी भी लापता बताई जा रही हैं। राजकिशोर नगर निवासी मंजू से परिजनों की आखिरी बार 25 सितंबर को बात हुई थी। इसके बाद से उनका कोई संपर्क नहीं हो पाया है। परिजनों की चिंता को देखते हुए बिलासपुर जिला प्रशासन ने भी उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, मंजू रॉय चौधरी 21 अगस्त को कोलकाता से 30 लोगों के दल के साथ नेपाल के लिए रवाना हुई थीं। उनका नेपाल में 3 सितंबर तक रुकने का कार्यक्रम था। इसी बीच नेपाल में आई आपदा के बाद उनसे परिजनों का संपर्क टूट गया।
बताया जा रहा है कि मंजू बिलासपुर में अकेले रहती थीं, जबकि उनके परिजन कोलकाता में रहते हैं। समस्या यह भी है कि परिजनों के पास उनके साथ नेपाल गए दल के अन्य सदस्यों के संपर्क नंबर उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में मंजू की स्थिति को लेकर परिजनों की चिंता बढ़ गई है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद बिलासपुर जिला प्रशासन ने महिला की पतासाजी के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं। प्रशासन की ओर से संबंधित स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि मंजू रॉय चौधरी का जल्द पता लगाया जा सके।



