आयरलैंड के ऊपर British Airways की BA295 फ्लाइट ने घोषित की इमरजेंसी, 37 हजार फीट से 9 हजार फीट नीचे आया विमान; लंदन डायवर्ट

नई दिल्ली। British Airways की फ्लाइट BA295 ने सोमवार को आयरलैंड के ऊपर उड़ान के दौरान इमरजेंसी घोषित कर दी। लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट से अमेरिका के शिकागो ओ’हारे जा रहा Boeing 777 अचानक अपनी क्रूजिंग ऊंचाई से तेजी से नीचे उतरने लगा। फ्लाइट-ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक विमान करीब 37,000 फीट की ऊंचाई से लगभग 9,000 फीट तक नीचे आ गया। इसके बाद फ्लाइट को वापस लंदन की ओर डायवर्ट कर दिया गया।
UK मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक BA295 अपनी ट्रांसअटलांटिक यात्रा में करीब एक घंटा आगे बढ़ चुकी थी, तभी विमान ने तेजी से नीचे उतरना शुरू किया। इसके बाद विमान का रुख लंदन हीथ्रो की ओर मोड़ दिया गया। इससे संकेत मिलता है कि शिकागो की यात्रा को बीच में ही रद्द कर दिया गया।
हालांकि, इमरजेंसी की असल वजह अभी सामने नहीं आई है। British Airways ने घटना के तुरंत बाद इसके कारण या डायवर्जन को लेकर विस्तृत जानकारी की पुष्टि नहीं की थी।
क्या होता है 7700 इमरजेंसी कोड?
विमानन क्षेत्र में 7700 ट्रांसपोंडर कोड एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त इमरजेंसी सिग्नल है। जब पायलट विमान के ट्रांसपोंडर में 7700 कोड दर्ज करता है, तो यह एयर ट्रैफिक कंट्रोल की रडार स्क्रीन पर दिखाई देता है। इसका मतलब होता है कि विमान में ऐसी सामान्य आपात स्थिति है, जिसमें उसे प्राथमिकता के आधार पर सहायता या हैंडलिंग की जरूरत पड़ सकती है।
हालांकि 7700 कोड किसी खास समस्या की जानकारी नहीं देता। इसका इस्तेमाल मेडिकल इमरजेंसी, तकनीकी खराबी, खराब मौसम या किसी अन्य गंभीर स्थिति में किया जा सकता है। इसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोलर क्रू से संपर्क कर स्थिति की जानकारी लेते हैं और जरूरत के मुताबिक सहायता उपलब्ध कराते हैं।
Flydubai की घटना के कुछ दिन बाद सामने आया मामला
British Airways की यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब कुछ दिन पहले Flydubai की फ्लाइट FZ1073 से जुड़ी एक घटना ने भी काफी सुर्खियां बटोरी थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक 30 सितंबर को तेल अवीव जा रही इस फ्लाइट ने इमरजेंसी स्क्वॉक कोड ब्रॉडकास्ट किया था, जिसके बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक डायवर्ट किया गया।
फ्लाइट-ट्रैकिंग डेटा के अनुसार विमान ने दो मिनट से भी कम समय में करीब 17,400 फीट की ऊंचाई गंवाई थी। रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि को-पायलट ने कैप्टन पर कुल्हाड़ी से हमला किया और विमान का नियंत्रण लेने की कोशिश की। इसके बाद यात्रियों ने कथित तौर पर हमलावर को काबू में किया।
Boeing 737-8 में बच्चों समेत 174 यात्री सवार थे। विमान को आखिरकार सऊदी अरब के तबुक स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्देलअजीज एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया था।



