नक्सलवाद खत्म होने के बाद छत्तीसगढ़ में 116 नेताओं की सुरक्षा घटाई गई, केदार कश्यप और दीपक बैज समेत कई नाम शामिल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सशस्त्र नक्सलवाद समाप्त होने के बाद नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में बस्तर संभाग के भाजपा और कांग्रेस से जुड़े 116 नेताओं की सुरक्षा श्रेणी में कटौती किए जाने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि कई नेताओं की सुरक्षा Z+ से Z, Y+ से Y और Z से Y श्रेणी में की गई है। इस संबंध में गृह विभाग जल्द ही आधिकारिक आदेश जारी कर सकता है।
नौ नेताओं की Z+ सुरक्षा घटाकर Z की गई
जानकारी के मुताबिक, भाजपा और कांग्रेस के नौ नेताओं की सुरक्षा Z+ श्रेणी से घटाकर Z श्रेणी की गई है। इनमें छत्तीसगढ़ सरकार के कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व मंत्री कवासी लखमा के नाम शामिल हैं। इसके अलावा कर्मा परिवार को मिल रही सुरक्षा में भी बदलाव किया गया है।
सांसदों और विधायकों की सुरक्षा की भी समीक्षा
बस्तर क्षेत्र के सांसदों, विधायकों और पूर्व मंत्रियों की सुरक्षा व्यवस्था में भी कटौती किए जाने की जानकारी सामने आई है। यह फैसला नक्सलवाद के खात्मे के बाद मौजूदा सुरक्षा खतरों का आकलन करने के लिए की गई समीक्षा के बाद लिया गया है।
अगले छह महीने में फिर घट सकती है सुरक्षा
उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि मार्च 2026 की निर्धारित समय-सीमा तक छत्तीसगढ़ समेत देश से सशस्त्र नक्सलवाद खत्म करने का लक्ष्य रखा गया था। इसके बाद छह महीने तक कमेटी ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
विजय शर्मा के मुताबिक, नेताओं की सुरक्षा पूरी तरह हटाना उचित नहीं है। इसलिए सुरक्षा श्रेणी में एक-एक ग्रेड की कटौती की गई है। अगले छह महीने में एक और ग्रेड कम करने पर विचार किया जाएगा। आगे भी सुरक्षा की समीक्षा कर खतरे के आकलन के आधार पर श्रेणी तय की जाएगी।
जानिए सुरक्षा श्रेणियों में क्या होता है अंतर
– Z+ श्रेणी: उच्चतम स्तर की सुरक्षा श्रेणियों में से एक, जिसमें कमांडो और पुलिसकर्मियों सहित बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था होती है।
– Z श्रेणी: इसमें कमांडो, पुलिसकर्मी और एस्कॉर्ट वाहन सहित सुरक्षा व्यवस्था दी जाती है।
– Y+ श्रेणी: इसमें कमांडो और व्यक्तिगत सुरक्षा अधिकारियों (PSO) सहित सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं।
– Y श्रेणी: इसमें सीमित संख्या में सुरक्षाकर्मी और व्यक्तिगत सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई जाती है।
सुरक्षा में कटौती से संबंधित विस्तृत आधिकारिक आदेश जारी होने के बाद बदलावों की पूरी जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।



