छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: रामगोपाल अग्रवाल की न्यायिक हिरासत 5 अगस्त तक बढ़ी, कोर्ट पहुंचे भूपेश बघेल

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में आरोपी कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल की न्यायिक हिरासत 5 अगस्त तक बढ़ा दी गई है। शुक्रवार को उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उन्हें 5 अगस्त तक न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता रायपुर कोर्ट पहुंचे और जेल भेजे जाने से पहले रामगोपाल अग्रवाल से मुलाकात की।
अदालत परिसर में भूपेश बघेल ने राज्य और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राजनीतिक लाभ लेने और कांग्रेस को बदनाम करने के लिए केंद्रीय और राज्य की जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है।
जांच एजेंसियों के आरोप
ईओडब्ल्यू (EOW) और ईडी (ED) के अनुसार, रामगोपाल अग्रवाल पर शराब घोटाला, कोयला लेवी और कस्टम मिलिंग से जुड़े अवैध धन के लेन-देन और मनी लॉन्ड्रिंग में अहम भूमिका निभाने का आरोप है। जांच एजेंसियों का दावा है कि कोयला घोटाले से जुड़े 52 करोड़ रुपये के ट्रांसफर में देवेंद्र डड़सेना की भूमिका रही है। दोनों से करीब तीन घंटे तक संयुक्त पूछताछ भी की गई थी।
जांच एजेंसियों का कहना है कि रामगोपाल अग्रवाल के जरिए कोयला, शराब और कस्टम मिलिंग घोटालों से जुड़े करीब 800 करोड़ रुपये विभिन्न माध्यमों से ट्रांसफर किए गए। हालांकि, रामगोपाल अग्रवाल ने इन सभी आरोपों से इनकार किया है।
शराब घोटाले में भी हुई गिरफ्तारी
कोयला घोटाला मामले में रिमांड समाप्त होने के बाद ईओडब्ल्यू-एसीबी ने उन्हें शराब घोटाला मामले में भी गिरफ्तार किया था। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद शुक्रवार को उन्हें दोबारा कोर्ट में पेश किया गया, जहां उनकी न्यायिक हिरासत 5 अगस्त तक बढ़ा दी गई।
इससे पहले जांच एजेंसी उन्हें सेंट्रल जेल ले गई थी, जहां शराब घोटाले के मुख्य आरोपी अनवर ढेबर के सामने बैठाकर पूछताछ की गई। जांच एजेंसी का दावा है कि राज्य में शराब कारोबार से जुड़े इस कथित घोटाले की राशि करीब 3,400 करोड़ रुपये है।
तीन साल तक रहे फरार
रामगोपाल अग्रवाल करीब तीन वर्ष तक फरार रहे। उन्होंने 8 जुलाई को ईओडब्ल्यू कार्यालय पहुंचकर सरेंडर किया था। इसके बाद मेडिकल परीक्षण के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां पहले पुलिस रिमांड दी गई। रिमांड समाप्त होने के बाद अब अदालत ने उन्हें 5 अगस्त तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

