जम्मू-कश्मीर के बडगाम में आतंकियों का गुप्त ठिकाना ध्वस्त, गुफा से राशन-कंबल और प्रोटीन सप्लीमेंट बरामद

जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान के दौरान आतंकवादियों के एक संदिग्ध ठिकाने का पता लगाकर उसे ध्वस्त कर दिया। यह ठिकाना खग इलाके के शुप्लिन जंगलों में एक प्राकृतिक गुफा के भीतर बनाया गया था। यहां से राशन, खाना पकाने के बर्तन, कंबल और प्रोटीन सप्लीमेंट समेत कई जरूरी सामान बरामद किए गए हैं।
प्राकृतिक गुफा को बनाया था छिपने का ठिकाना
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, रविवार को चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को शुप्लिन के जंगलों में एक गुफा दिखाई दी। जांच करने पर आशंका जताई गई कि इसका इस्तेमाल आतंकवादी छिपने और ठहरने के लिए कर रहे थे। सुरक्षा बलों ने कार्रवाई करते हुए संदिग्ध ठिकाने को ध्वस्त कर दिया।
राशन, बर्तन और सर्दियों में इस्तेमाल होने वाला सामान मिला
गुफा से पांच किलो चावल, दो किलो प्याज, एक किलो गुड़, नूडल्स के दो पैकेट, दूध के दो पैकेट, नमक, रिफाइंड तेल और चॉकलेट बरामद की गई। इसके अलावा एक गैस चूल्हा, पानी का जग, दो पतीले, दो थालियां और एक गिलास भी मिला।
ठिकाने से ठंड से बचने के लिए तीन कंबल और एक कालीन भी बरामद हुए। सुरक्षा बलों को दो डिब्बे प्रोटीन सप्लीमेंट, तंबाकू के दो पैकेट, बैटरी सेल का एक पैकेट और एक अज्ञात बैग या पैकेट भी मिला है।
संदिग्ध गतिविधियों की जांच जारी
गुफा में लंबे समय तक रहने के लिए जरूरी सामान मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि इसका इस्तेमाल कौन कर रहा था और इसके पीछे किस नेटवर्क की भूमिका हो सकती है। बरामद सामान के आधार पर आतंकवादियों के लंबे समय तक वहां रुकने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि किसी बड़ी वारदात की योजना के संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सुरक्षा बलों ने संदिग्ध ठिकाने को नष्ट कर दिया है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।



