छत्तीसगढ़िया वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ 24 अक्टूबर को आयोजित करेगा व्यापार प्रशिक्षण शिविर

रायपुर। छत्तीसगढ़ में व्यापार एवं उद्योग को बढ़ावा देने और व्यापारियों को शासन की योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़िया वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ द्वारा 24 अक्टूबर 2026 को “गढ़बो हमर व्यापार” प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। छत्तीसगढ़ उद्योग विभाग (सीएसआईडीसी) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में व्यापारियों और उद्यमियों को औद्योगिक एवं व्यापारिक योजनाओं, व्यवसाय विस्तार और आधुनिक तकनीक के उपयोग की जानकारी दी जाएगी।
प्रशिक्षण शिविर में छत्तीसगढ़ की औद्योगिक नीति, ओएनडीसी (ONDC), आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और पर्यावरण के अनुकूल पैकेजिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ मार्गदर्शन देंगे। इसके साथ ही उद्योग स्थापना की प्रक्रियाओं, शासकीय योजनाओं के तहत मिलने वाली सुविधाओं और व्यापार संचालन में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं के समाधान पर भी चर्चा की जाएगी।
महासंघ की हाल ही में आयोजित प्रदेश स्तरीय बैठक में शिविर की तैयारियों और आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि अधिक से अधिक व्यापारियों एवं छोटे उद्यमियों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि वे उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाकर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा सकें।
महासंघ का मानना है कि उचित मार्गदर्शन और प्रशिक्षण से प्रदेश के व्यापारियों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ ही व्यापार एवं उद्योग के विकास को नई दिशा मिलेगी। इसी उद्देश्य से महासंघ समय-समय पर प्रशिक्षण, परामर्श और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता है।
यह प्रशिक्षण शिविर 24 अक्टूबर को सुबह 9:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक विमतारा, मधु पिपले चौक, रायपुर में आयोजित होगा।
महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष शेखर वर्मा और वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिलीप टिकरिहा ने प्रदेश के व्यापारियों, उद्योगपतियों, उद्यमियों और व्यवसाय से जुड़े लोगों से शिविर में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर शासन की योजनाओं और विशेषज्ञों के मार्गदर्शन का लाभ उठाने की अपील की है।



