Chhattisgarh

CM साय का दावा, एक महीने में 42 हजार से ज्यादा शिकायतें निपटीं

CM हेल्पलाइन-1076 को एक महीना पूरा

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 ने संचालन के पहले ही महीने में 42,653 शिकायतों के निराकरण का दावा किया है। राज्य सरकार के अनुसार इनमें 13,600 शिकायतकर्ताओं ने समाधान से संतुष्ट होकर स्वयं अपने प्रकरण बंद कराए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय(Sai) ने कहा कि हेल्पलाइन नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान के उद्देश्य से शुरू की गई है और यह अब शासन तथा आमजन के बीच भरोसे का मजबूत माध्यम बन रही है।

24 घंटे संचालित हेल्पलाइन, 8 हजार अधिकारी जुड़े

मुख्यमंत्री साय(Sai) ने कहा कि हेल्पलाइन-1076 सप्ताह के सातों दिन और 24 घंटे संचालित की जा रही है। इसके लिए समर्पित कॉल सेंटर स्थापित किया गया है, जहां शिकायतें दर्ज कर संबंधित विभागों तक भेजी जाती हैं। शिकायतों के निपटारे के लिए समय-सीमा तय की गई है तथा तहसीलदार से लेकर सचिव स्तर तक करीब 8 हजार अधिकारी इस व्यवस्था से जुड़े हुए हैं। सरकार का दावा है कि शिकायतों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, जिससे तय समय में उनका समाधान सुनिश्चित किया जा सके।मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 का अधिक से अधिक उपयोग करें और इस सुविधा की जानकारी अन्य लोगों तक भी पहुंचाएं।

ऊर्जा, पंचायत और राजस्व विभाग में सबसे ज्यादा शिकायतें

सरकार द्वारा जारी विभागवार आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक शिकायतें ऊर्जा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभागों से संबंधित प्राप्त हुईं। वहीं निराकरण के मामले में ऊर्जा विभाग ने 3,066, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने 2,530 और राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने 1,314 शिकायतों का समाधान किया।

मुख्यमंत्री साय(Sai) ने कहा कि सरकार ऐसी प्रशासनिक व्यवस्था विकसित करने की दिशा में काम कर रही है, जहां नागरिकों को अपनी शिकायत लेकर अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उनका कहना है कि तकनीक आधारित यह व्यवस्था सुशासन को मजबूत करने के साथ-साथ शासन और जनता के बीच संवाद को भी अधिक प्रभावी बना रही है। सरकार ने भविष्य में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के दायरे को और विस्तारित करने की भी बात कही है, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को इसका लाभ मिल सके।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button