दिल्ली में कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन कल, छत्तीसगढ़ से विधायक हुए रवाना, दीपक बैज ने कहा- 1947 की तरह आज लड़ी जा रही दूसरी आजादी की लड़ाई

रायपुर। चुनाव आयोग (ECI) की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस 12 अक्टूबर को दिल्ली में बड़ा प्रदर्शन करने जा रही है। प्रदर्शन में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ कांग्रेस के विधायकों के दिल्ली रवाना होने का सिलसिला शुरू हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज समेत राज्य के सभी कांग्रेस विधायक दिल्ली पहुंचेंगे। प्रदर्शन से पहले पार्टी की बैठक होगी, जिसके बाद आगे की रणनीति के तहत प्रदर्शन किया जाएगा।
दीपक बैज बोले- लोकतंत्र बचाने की लड़ाई
दिल्ली रवाना होने से पहले रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ के सभी कांग्रेस विधायक दिल्ली जा रहे हैं। वहां बैठक के बाद पार्टी हाईकमान की ओर से आगे के निर्देश दिए जाएंगे।
बैज ने कहा कि जंतर-मंतर पर Gen Z के युवा लोकतंत्र बचाने के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह शांतिपूर्ण प्रदर्शन है, लेकिन प्रदर्शनकारियों के साथ बर्बरतापूर्ण व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने इसकी कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष है।
भाजपा पर वोट चोरी का आरोप
दीपक बैज ने कहा कि 1947 में देश की आजादी के लिए जो लड़ाई लड़ी गई थी, उसी तरह की लड़ाई आज दूसरी आजादी के लिए लड़ी जा रही है। उन्होंने भाजपा पर वोट चोरी के जरिए सरकार बनाने का आरोप लगाया।
बैज ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा की सीधे तौर पर मदद कर रहे हैं।
साय कैबिनेट के अभिनंदन प्रस्ताव पर भी साधा निशाना
साय कैबिनेट की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अभिनंदन प्रस्ताव को लेकर भी दीपक बैज ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कैबिनेट में अभिनंदन प्रस्ताव पारित करने से मजदूरों का भला नहीं होगा।
बैज ने तीखी टिप्पणी करते हुए प्रधानमंत्री को विफल बताया और सवाल उठाया कि कैबिनेट में उनके अभिनंदन पर चर्चा करने के बजाय जनता और मजदूरों से जुड़े मुद्दों पर ध्यान क्यों नहीं दिया जा रहा है।



