National

भोजशाला और कोलकाता एयरपोर्ट पर नमाज को लेकर विवाद, मुस्लिम पक्ष ने जताई आपत्ति

धार/कोलकाता। मध्य प्रदेश के धार स्थित भोजशाला और कोलकाता एयरपोर्ट परिसर में नमाज को लेकर शुक्रवार को विवाद की स्थिति बनी रही। भोजशाला में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद मुस्लिम पक्ष ने नमाज अदा नहीं की, जबकि कोलकाता एयरपोर्ट की मस्जिद में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन भी अंतिम समय में रद्द कर दिया गया।

भोजशाला मामले में जिला प्रशासन ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार नमाज के लिए मालीवाड़ा क्षेत्र में वैकल्पिक स्थान तय किया, लेकिन मुस्लिम पक्ष ने यह कहते हुए वहां नमाज पढ़ने से इनकार कर दिया कि यह स्थान भोजशाला से करीब डेढ़ से दो किलोमीटर दूर है। उनका आरोप है कि प्रशासन ने समय पर व्यवस्था नहीं की और अब वे इस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देंगे।

प्रशासन का कहना है कि भोजशाला परिसर से 300 मीटर के दायरे में उपयुक्त सरकारी भूमि उपलब्ध नहीं थी। इसलिए कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन करते हुए मालीवाड़ा स्थित सरकारी भूमि को नमाज के लिए चिन्हित किया गया।

उधर, कोलकाता एयरपोर्ट परिसर स्थित मस्जिद में नमाज पर रोक के विरोध में पूर्व मंत्री सिद्दीकुल्लाह चौधरी ने प्रदर्शन का ऐलान किया था, लेकिन बाद में कार्यक्रम रद्द कर दिया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सभा के लिए अनुमति नहीं ली गई थी। इसके बाद चौधरी ने दूसरी जगह नमाज अदा करने की बात कही।

स्थिति को देखते हुए बांकरा क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 163 लागू की गई। पुलिस और एयरपोर्ट प्रशासन पूरे इलाके में सतर्क रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button