डंगनिया में पुरानी रंजिश पर चाकूबाजी, दो आरोपी गिरफ्तार
गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद, चाकूबाजी तक पहुंचा मामला

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। डंगनिया स्थित श्रीराम अस्पताल के पीछे दो युवकों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपी(accused) को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
पेट्रोल भराने जा रहे युवक पर चाकू से हमला
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित युवक अपने भाई के साथ पेट्रोल भराने जा रहा था। इसी दौरान डंगनिया क्षेत्र में पहले से चले आ रहे विवाद को लेकर आरोपी(accused) ने उसका रास्ता रोक लिया। इसके बाद गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर एक आरोपी ने चाकू निकालकर हमला कर दिया, जिससे युवक घायल हो गया। घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
डीडी नगर पुलिस का त्वरित एक्शन
पीड़ित की शिकायत पर डीडी नगर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 396/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने पीड़ित और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिए, घटनास्थल का निरीक्षण किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी(accused) की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी सावन यादव उर्फ मुन्ना यादव (19 वर्ष) और राज यादव उर्फ अमन यादव (20 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर हमले में प्रयुक्त लोहे का चाकू भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

