रक्षाबंधन पर शुरू हो सकती है दिल्ली लक्ष्मी योजना, महिलाओं को हर महीने मिलेंगे 2,500 रुपये

नई दिल्ली: दिल्ली सरकार जल्द ही ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ शुरू करने की तैयारी में है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। सरकार की योजना है कि इसे 28 अगस्त, रक्षाबंधन के दिन लॉन्च किया जाए।
योजना के लिए बैंकिंग व्यवस्था और अन्य तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन पोर्टल के जरिए होगी, जिसे पात्रता नियम तय होने के बाद शुरू किया जाएगा।
कौन कर सकेगा आवेदन?
- 21 से 60 वर्ष की महिलाएं
- दिल्ली की स्थायी निवासी
- परिवार की सालाना आय 2.5 लाख रुपये तक
किन्हें नहीं मिलेगा लाभ?
- सरकारी कर्मचारी
- आयकर (इनकम टैक्स) देने वाले
- पेंशनधारक
- चार पहिया वाहन (कार) के मालिक
सरकार लाभ की राशि सीधे महिलाओं के बैंक खाते में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से भेजने की तैयारी कर रही है। डिजिटल रुपये (CBDC) के जरिए भुगतान का विकल्प भी विचाराधीन है, लेकिन इस पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज:
- आधार कार्ड
- आधार से लिंक बैंक खाता
- दिल्ली में निवास का प्रमाण
- स्व-घोषणा (Self Declaration) पत्र
दिल्ली सरकार ने इस योजना के लिए बजट में 5,100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को नियमित वित्तीय सहायता देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।

