कराची के पास समुद्र में लापता हुआ पाकिस्तान का कार्गो विमान, 5 क्रू मेंबर की तलाश जारी

पाकिस्तान में एक बड़ा विमान हादसा सामने आया है। कराची के पास अरब सागर में एक कार्गो विमान लापता हो गया है। विमान में 5 चालक दल के सदस्य सवार थे। फिलहाल सभी की तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, K2 एयरवेज का बोइंग 737-400 कार्गो विमान संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के शारजाह से कराची आ रहा था। उड़ान के दौरान कराची से करीब 155 नॉटिकल मील दूर विमान का एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया। इसके बाद विमान के समुद्र में गिरने की आशंका जताई गई।
बताया गया है कि संपर्क टूटने से कुछ मिनट पहले पायलट ने विमान के नेविगेशन सिस्टम में खराबी की जानकारी दी थी। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
पाकिस्तान नौसेना और अन्य एजेंसियों ने बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। युद्धपोत, जहाज और समुद्री निगरानी विमान की मदद से लापता विमान और चालक दल की तलाश की जा रही है।
K2 एयरवेज ने बताया कि विमान में सवार सभी 5 क्रू मेंबर पाकिस्तान के नागरिक हैं। कंपनी ने कहा है कि वह सरकारी एजेंसियों के साथ मिलकर जांच में पूरा सहयोग कर रही है और सभी की सुरक्षित वापसी की उम्मीद कर रही है।
फिलहाल पाकिस्तान सरकार की ओर से किसी के जीवित मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। हादसे की जांच जारी है।

