राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: फर्जी रसीद बुक बरामद, जमीन और गाड़ियों में लगाया गया पैसा

अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी मामले की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के नाम पर बनाई गई फर्जी चंदे की रसीद बुक बरामद हुई है। आरोप है कि इन रसीदों के जरिए श्रद्धालुओं से दान के नाम पर पैसे लेकर उन्हें ठगा जाता था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे न केवल चढ़ावे की रकम में गड़बड़ी करते थे, बल्कि फर्जी रसीद देकर दानदाताओं से भी पैसे वसूलते थे। इससे लोगों को असली रसीद का भ्रम होता था और रकम उनके पास चली जाती थी।
जांच में यह भी सामने आया है कि चोरी की रकम का बंटवारा 14 कोसी परिक्रमा मार्ग पर किया जाता था। पुलिस ने मामले में गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ जारी रखी है।
पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने कथित तौर पर चोरी के पैसों से जमीन और वाहन खरीदे। एक आरोपी ने डिजायर कार खरीदी और स्कॉर्पियो बुक कराई, जबकि दूसरे आरोपी ने अपनी पत्नी के नाम पर जमीन खरीदकर उस पर तीन मंजिला इमारत का निर्माण शुरू कराया।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की संपत्ति, बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आरोपियों को उनके ठिकानों पर ले जाकर आगे की कार्रवाई भी की जा सकती है।

