जनसंख्या बदलाव पर बनी हाई लेवल कमेटी ने अमित शाह से की मुलाकात, जल्द सौंपेगी सिफारिशें

देश में जनसंख्या में हो रहे बदलावों का अध्ययन करने के लिए बनाई गई उच्च स्तरीय समिति ने बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। बैठक में समिति ने अपनी कार्ययोजना की जानकारी दी और बताया कि वह जमीनी हालात समझने के लिए अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का दौरा करेगी।
समिति विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों और राज्य सरकारों से भी बातचीत करेगी, ताकि जनसंख्या में बदलाव से जुड़े सभी पहलुओं पर जानकारी जुटाई जा सके। इसके लिए राज्यों से पहले ही जरूरी जानकारी लेने के उद्देश्य से एक विस्तृत प्रश्नावली भी तैयार की गई है।
गृह मंत्री अमित शाह ने समिति की रणनीति की सराहना करते हुए गृह सचिव को हर संभव सहयोग देने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने समिति से जल्द से जल्द अपनी सिफारिशें सरकार को सौंपने को कहा।
यह समिति अवैध अप्रवास और अन्य असामान्य कारणों से देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे जनसांख्यिकीय बदलावों का अध्ययन करेगी। इसके बाद वह इन बदलावों के कारणों का विश्लेषण कर सरकार को नीतिगत, कानूनी और प्रशासनिक सुधारों के लिए सुझाव देगी।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त 2025 को ‘हाई-पावर्ड डेमोग्राफी मिशन’ की घोषणा की थी। इसी के तहत इस उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया है।

