फ्लिपकार्ट की नई पेशकश: अब शॉपिंग के साथ मिलेगा मुफ्त नेटफ्लिक्स मोबाइल प्लान

ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म फ्लिपकार्ट ने अपने प्लस मेंबर्स के लिए नया रिवॉर्ड प्रोग्राम शुरू किया है। इसके तहत पात्र ग्राहकों को हर महीने बिना अतिरिक्त शुल्क के 30 दिनों का नेटफ्लिक्स मोबाइल प्लान मिलेगा। इस सुविधा का लाभ लेने के लिए अलग से नेटफ्लिक्स सब्सक्रिप्शन खरीदने की जरूरत नहीं होगी। यह ऑफर 1 अगस्त से लागू हो गया है और फ्लिपकार्ट, फ्लिपकार्ट ग्रोसरी तथा फ्लिपकार्ट मिनट्स पर किए गए योग्य ऑर्डर पर उपलब्ध रहेगा।
चार योग्य ऑर्डर पूरे करना होगा जरूरी
इस ऑफर का लाभ उठाने के लिए फ्लिपकार्ट प्लस मेंबर्स को एक कैलेंडर महीने के दौरान कम से कम 299 रुपये या उससे अधिक मूल्य के चार योग्य ऑर्डर पूरे करने होंगे। चौथा योग्य ऑर्डर पूरा होते ही ग्राहक के खाते में 30 दिनों का नेटफ्लिक्स मोबाइल प्लान सक्रिय करने का विकल्प उपलब्ध होगा। 30 दिन पूरे होने के बाद अगले महीने फिर से इस सुविधा का लाभ लेने के लिए चार नए योग्य ऑर्डर करने होंगे। जो ग्राहक अभी फ्लिपकार्ट प्लस के सदस्य नहीं हैं, वे 12 महीनों के भीतर 15 ऑर्डर पूरे कर मुफ्त में इसकी सदस्यता प्राप्त कर सकते हैं।
शॉपिंग के साथ मनोरंजन का अनुभव
कंपनी का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य ग्राहकों की नियमित खरीदारी को डिजिटल मनोरंजन से जोड़ना है। फ्लिपकार्ट के अनुसार, बड़ी संख्या में ग्राहक हर महीने ग्रोसरी और रोजमर्रा की जरूरत का सामान खरीदते हैं, ऐसे में उन्हें अतिरिक्त खर्च किए बिना नेटफ्लिक्स का लाभ मिलेगा। इस प्लान के जरिए ग्राहक नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध भारतीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्में, वेब सीरीज और टीवी शो देख सकेंगे। कंपनी के अधिकारियों ने इसे भारत में ई-कॉमर्स और डिजिटल स्ट्रीमिंग के बीच एक महत्वपूर्ण साझेदारी बताया है।

