National

जैसलमेर सड़क हादसे में शहीद हुए मेजर हमजा आरिफ, आज इंदौर पहुंचेगा पार्थिव शरीर

राजस्थान के जैसलमेर में हुए सड़क हादसे में भारतीय सेना के मेजर हमजा आरिफ का निधन हो गया। इंदौर निवासी 29 वर्षीय मेजर हमजा का पार्थिव शरीर शनिवार को उनके गृह नगर लाया जाएगा, जहां सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। हादसे में सेना के दो अन्य अधिकारी भी घायल हुए हैं और उनका उपचार जारी है।

ऊंट से टकराई सेना की गाड़ी, हादसे में गई जान

जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात जैसलमेर के आर्मी क्षेत्र में सेना की टाटा सफारी वाहन अचानक एक ऊंट से टकरा गई। टक्कर के बाद वाहन कई बार पलट गया। हादसे के समय वाहन चला रहे मेजर हमजा आरिफ गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके साथ मौजूद लेफ्टिनेंट आयुष्मान और लेफ्टिनेंट अभिनव राठौर भी घायल हुए। तीनों को तत्काल सेना के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मेजर हमजा को मृत घोषित कर दिया।

एक महीने पहले हुई थी शादी

मेजर हमजा आरिफ इंदौर के धनवंतरी नगर के निवासी थे। उन्होंने वर्ष 2016 में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में सेवा शुरू की थी। अपनी उत्कृष्ट सेवाओं के दम पर उन्होंने नौ वर्षों में तीन पदोन्नतियां हासिल कर मेजर का पद प्राप्त किया। उनकी शादी महज एक महीने पहले ही हुई थी और परिवार दिसंबर में भव्य स्वागत समारोह की तैयारी कर रहा था, लेकिन इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया।

आज होगा सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

मेजर हमजा आरिफ का पार्थिव शरीर शनिवार को इंदौर लाया जाएगा। इसके बाद भारतीय सेना की परंपराओं और बोहरा समाज की धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। घटना के बाद जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने उनके परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की है। वहीं, सेना और स्थानीय पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button