Chhattisgarh

लखनऊ में आगजनी के बाद अलर्ट: रायपुर के 4 कोचिंग संस्थानों में मिली गंभीर खामियां, 7 दिन में सुधार नहीं करने पर कार्रवाई की चेतावनी

रायपुर। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड के बाद रायपुर (Raipur) प्रशासन भी सतर्क हो गया है।

विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम, अग्निशमन विभाग और संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया।

जांच के दौरान चार कोचिंग संस्थानों में गंभीर सुरक्षा खामियां मिलने पर उन्हें नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर सुधार करने का अल्टीमेटम दिया गया है।

कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देश और नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के मार्गदर्शन में 23 और 24 जून को दो दिवसीय विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया।

सात कोचिंग संस्थानों की जांच की गई

इस दौरान शहर (Raipur) के सात प्रमुख कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था का परीक्षण किया गया। जांच टीम ने प्रवेश एवं निकास मार्ग, अग्निशमन उपकरण, फायर एनओसी, आपातकालीन निकासी व्यवस्था, वेंटिलेशन, विद्युत सुरक्षा, सीढ़ियों की स्थिति और क्षमता अनुरूप संचालन जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं का निरीक्षण किया।

निरीक्षण में अनअकादमी, विद्यापीठ और एलन कोचिंग संस्थानों में अधिकांश सुरक्षा मानक संतोषजनक पाए गए। हालांकि कुछ स्थानों पर वेंटिलेशन और क्षमता प्रबंधन को लेकर आवश्यक सुधार के सुझाव दिए गए हैं।

वहीं अकादजा, आरसीसी अकादमी, आभा लाइब्रेरी और टुटेजा अकादमी में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। इन संस्थानों में फायर एनओसी, अग्नि सुरक्षा उपकरणों, आपातकालीन निकास मार्ग, पर्याप्त वेंटिलेशन और विद्युत सुरक्षा से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं का अभाव पाया गया। अग्निशमन विभाग ने इस पर नाराजगी जताते हुए तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने की अनुशंसा की है।

दोबारा निरीक्षण पर होगी कार्रवाई

प्रशासन (Raipur) ने संबंधित संस्थानों को सात दिनों के भीतर सभी कमियां दूर करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जोन अधिकारियों को भवन अनुमति, पार्किंग, स्वीकृत क्षमता और अन्य वैधानिक प्रावधानों की भी जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के बाद दोबारा निरीक्षण किया जाएगा और नियमों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button