Chhattisgarh

एल्डरमैन नियुक्तियों पर सरकार की मुहर, 32 नगरीय निकायों में 200 से अधिक मनोनीत पार्षद घोषित

छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के 32 नगरीय निकायों में 200 से अधिक एल्डरमैन (मनोनीत पार्षद) की नियुक्ति कर दी है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने रायपुर और सरगुजा संभाग के नगर निगम, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों के लिए आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं। रायपुर नगर निगम में सबसे अधिक 11 एल्डरमैन नियुक्त किए गए हैं।

रायपुर संभाग के कई निकायों में हुई नियुक्तियां

सरकार द्वारा जारी सूची के अनुसार रायपुर नगर निगम के अलावा माना कैंप, तिल्दा-नेवरा, गोबरा नवापारा, आरंग, मंदिर हसौद, अभनपुर, खरोरा, कुनरा, समोदा और चंदखुरी सहित कई नगरीय निकायों में एल्डरमैन नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा गरियाबंद, महासमुंद, धमतरी और बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के नगर निकायों में भी मनोनीत पार्षदों की नियुक्ति की गई है।

सरगुजा संभाग की सूची भी जारी

सरगुजा संभाग के अंबिकापुर नगर निगम सहित बलरामपुर, सूरजपुर, कोरिया, जशपुर और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के विभिन्न नगर निकायों में भी एल्डरमैन नियुक्त किए गए हैं। सरकार का कहना है कि इन नियुक्तियों से नगरीय निकायों के कार्यों में अनुभवी लोगों की भागीदारी बढ़ेगी और स्थानीय प्रशासन को मजबूती मिलेगी।

अगले आदेश तक प्रभावी रहेंगी नियुक्तियां

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आदेश के अनुसार सभी नियुक्तियां छत्तीसगढ़ नगर पालिक निगम अधिनियम, 1956 तथा छत्तीसगढ़ नगरपालिका अधिनियम, 1961 के प्रावधानों के तहत की गई हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि ये नियुक्तियां अगले आदेश तक प्रभावी रहेंगी। एल्डरमैन नियुक्तियों का लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था और अब आधिकारिक सूची जारी होने के साथ यह प्रक्रिया पूरी हो गई है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button