हर्षद चोपड़ा बने ‘लॉकअप 2’ के पहले फाइनलिस्ट, ट्विस्ट में शिवांगी जोशी पर मंडराया एलिमिनेशन का खतरा

रियलिटी शो ‘लॉकअप 2’ के नए एपिसोड में दर्शकों को ड्रामा, इमोशन और कई बड़े ट्विस्ट देखने को मिले। शो में हर्षद चोपड़ा ने सीजन के पहले फाइनलिस्ट के रूप में अपनी जगह पक्की कर ली, जबकि एपिसोड के अंत में आए बड़े मोड़ ने शिवांगी जोशी को एलिमिनेशन के खतरे में ला खड़ा किया।
टास्क में हर्षद ने बनाई फाइनल की जगह
लेटेस्ट एपिसोड में मेकर्स ने एक विशेष टास्क रखा, जिसमें प्रतियोगियों को आपसी सहमति से किसी एक सदस्य को फिनाले की दौड़ में आगे भेजना था। शुरुआत में श्रेया कालरा को एक विशेष पावर मिली, जबकि योगेश ने 10 लाख रुपये अपने नाम किए और इसके बावजूद शो में बने रहे।
टास्क के दौरान लैला, शिल्पा शिंदे, राम कपूर और आकांक्षा चमोला ने स्वेच्छा से रेस से बाहर होने का फैसला किया। इसके बाद मुकाबला केवल हर्षद चोपड़ा और शिवांगी जोशी के बीच रह गया। दोनों एक-दूसरे को फाइनल में भेजने की बात करते रहे। आखिरकार हर्षद ने कहा कि अब वह अपने लिए खेलना चाहते हैं, जिसके बाद शिवांगी सेल से बाहर आ गईं और हर्षद सीजन के पहले फाइनलिस्ट बन गए।
श्रेया की स्पेशल पावर से बढ़ा सस्पेंस
फाइनलिस्ट बनने के बाद भी शो में ड्रामा खत्म नहीं हुआ। टास्क के बाद शिवांगी भावुक नजर आईं और उन्होंने कहा कि वह भी फाइनलिस्ट बनने की उतनी ही हकदार थीं। वहीं हर्षद भी उनकी भावनाओं को देखकर परेशान दिखाई दिए।
एपिसोड के अंत में जेलर रितेश देशमुख ने श्रेया कालरा को मिली स्पेशल पावर का इस्तेमाल करने के लिए कहा। इस अधिकार के तहत श्रेया ने घरवालों की राय सुनने के बाद शिवांगी जोशी का नाम एलिमिनेशन के लिए चुना। इस फैसले से सभी प्रतियोगी हैरान रह गए। अब शिवांगी का सफर यहीं समाप्त होगा या अगले एपिसोड में कोई नया ट्विस्ट देखने को मिलेगा, इसका खुलासा आने वाले एपिसोड में होगा।

