Follow Us on Our Social Media
Madhya PradeshNational

14 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट: यूपी के 25 शहरों में बरसे बादल, स्कूल बंद; गंगा एक्सप्रेस-वे की सड़क धंसी

दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने मंगलवार को राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश समेत 14 राज्यों में तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन आगे बढ़ रहा है, जिसके कारण आने वाले दिनों में कई राज्यों में बारिश का दौर और तेज होने की संभावना है।

कई जिलों में जनजीवन प्रभावित

उत्तर प्रदेश में मंगलवार सुबह से ही 25 शहरों में बारिश हो रही है। लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, प्रतापगढ़, वाराणसी और जौनपुर समेत कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। लगातार बारिश के कारण सड़कों, अस्पतालों और सरकारी भवनों में पानी भर गया है। कई जगहों पर कारें और बाइक पानी में डूब गईं।

यह भी पढ़े: CG Weather: छत्तीसगढ़ में मौसम का यू-टर्न, मोबाइल पर गूंजा ‘एक्सट्रीमली सीवियर’ इमरजेंसी अलर्ट,बिलासपुर सहित कई ज़िलों में झमाझम बारिश

उन्नाव और कानपुर में 500 से अधिक घरों में पानी घुस गया है, जबकि प्रतापगढ़ के एक थाने में भी जलभराव की स्थिति बन गई है। हालात को देखते हुए प्रयागराज, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, कौशांबी, भदोही, हरदोई, अमेठी और जौनपुर समेत कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है।

100 से ज्यादा मंदिरों में पानी घुसा

उन्नाव में गंगा एक्सप्रेस-वे की मेरठ-प्रयागराज लेन का करीब 10 मीटर हिस्सा धंस गया है। वहीं, वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से 100 से ज्यादा छोटे मंदिरों में पानी घुस गया है। दशाश्वमेध घाट स्थित ब्रह्मेश्वर महादेव मंदिर का आधा हिस्सा पानी में डूब गया है।

उत्तराखंड में भी बारिश का असर दिखाई दे रहा है। ऋषिकेश में बीन नदी में एक कार पलट गई, जिसमें फंसे दो लोगों को एसडीआरएफ ने सुरक्षित बाहर निकाला। प्रदेश में गंगा, सरयू और गोमती समेत आठ नदियां चेतावनी स्तर के ऊपर बह रही हैं, जबकि भूस्खलन के कारण 91 सड़कें बंद हैं।

एमपी में बाढ़ की स्थिति

मध्य प्रदेश के सतना में मंदाकिनी नदी में बाढ़ की स्थिति बन गई है। प्रशासन ने घाटों पर बैरिकेडिंग कर दी है और एसडीआरएफ की टीम को तैनात किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक कई राज्यों में भारी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button