ChhattisgarhBilaspur

बिलासपुर में भारी बारिश का अलर्ट जारी

कलेक्टर ने आपदा प्रबंधन को लेकर आदेश जारी किए

बिलासपुर। भारतीय मौसम विभाग (IMD) द्वारा अगले 48 से 72 घंटे के दौरान भारी बारिश(Rain) और आकाशीय बिजली की चेतावनी जारी किए जाने के बाद बिलासपुर(Bilaspur) जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। संभावित आपदा से निपटने के लिए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी संजय अग्रवाल ने कई एहतियाती निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन ने स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित करने के साथ-साथ सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी हैं। साथ ही सभी कर्मचारियों को मुख्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।

स्कूल बंद, अधिकारियों की छुट्टियां निरस्त

बिलासपुर(Bilaspur) जिला प्रशासन के आदेश के अनुसार जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में कक्षा पहली से बारहवीं तक की शैक्षणिक गतिविधियां निर्धारित अवधि के लिए स्थगित कर दी गई हैं। आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में प्रशासनिक अमला तुरंत राहत और बचाव कार्य में जुट सके। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि सभी अधिकारी और कर्मचारी मुख्यालय में मौजूद रहेंगे तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल मौके पर पहुंचेंगे।

राहत-बचाव व्यवस्था मजबूत, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

संभावित जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने बांधों के जलस्तर की लगातार निगरानी करने, नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने तथा जलमग्न मार्गों पर आवाजाही रोकने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त दवाओं का स्टॉक बनाए रखने और मेडिकल टीमों को चौबीसों घंटे तैयार रहने के लिए कहा गया है। वहीं नगरीय निकायों को जलभराव वाले इलाकों में डी-वॉटरिंग पंप और आवश्यक संसाधन तैनात रखने के निर्देश दिए गए हैं।

बिलासपुर(Bilaspur) कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा है कि आपदा प्रबंधन से जुड़े किसी भी कार्य में लापरवाही या जारी निर्देशों का उल्लंघन करने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 तथा भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button