CAIT ट्रांसपोर्ट विंग की नई कार्यकारिणी घोषित
नवीन शर्मा को फिर सौंपी गई प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी

रायपुर। देश के प्रमुख व्यापारी संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) की छत्तीसगढ़ ट्रांसपोर्ट(Transport) विंग की नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। नई टीम में नवीन शर्मा को दोबारा प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि अमरीक सिंह को प्रदेश महामंत्री और राकेश अग्रवाल को प्रदेश कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। संगठन ने नई कार्यकारिणी के साथ प्रदेशभर में ट्रांसपोर्ट विंग के विस्तार और परिवहन कारोबार को मजबूत करने की दिशा में काम करने का संकल्प दोहराया है।
नई टीम के साथ प्रदेशभर में विस्तार की तैयारी
CAIT के राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य अमर पारवानी ने नई कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए कहा कि ट्रांसपोर्ट(Transport) व्यवसाय व्यापार, उद्योग, कृषि और लॉजिस्टिक्स की महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों को एक मजबूत मंच उपलब्ध कराना, उनकी समस्याओं का समाधान करना और सरकार तथा परिवहन क्षेत्र के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।
उन्होंने बताया कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में ट्रांसपोर्ट(Transport) विंग का विस्तार किया जाएगा। जिला और स्थानीय स्तर पर नई इकाइयों का गठन कर ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े मुद्दों पर नियमित संवाद, सुझाव और समाधान की दिशा में काम किया जाएगा। साथ ही आधुनिक तकनीक, बेहतर व्यवस्थाओं और व्यापारिक हितों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
व्यवसायियों के हितों और संगठन को मजबूत करने पर रहेगा फोकस
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष नवीन शर्मा ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें दोबारा मिली जिम्मेदारी का वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर के ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों को एकजुट कर उनकी समस्याओं के समाधान, व्यवसाय के विस्तार और नए अवसरों के सृजन के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जाएगा।
वहीं, CAIT छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ट्रांसपोर्ट सेक्टर व्यापार और उद्योग की जीवनरेखा है। उन्होंने विश्वास जताया कि नवीन शर्मा के नेतृत्व में नई टीम संगठन की विचारधारा के अनुरूप कार्य करते हुए प्रदेश के सभी जिलों में ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों को जोड़ने और उनके हितों की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाएगी।
नई कार्यकारिणी में कार्यकारी अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सलाहकार मंडल, संरक्षक मंडल और कार्यकारिणी सदस्यों सहित विभिन्न पदों पर भी नियुक्तियां की गई हैं। संगठन का कहना है कि नई टीम के माध्यम से प्रदेश में ट्रांसपोर्ट कारोबार को अधिक संगठित, प्रभावी और व्यवसाय हितैषी बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जाएंगे।

