आलिया की ‘ऐल्फा’ से पहले हुमा का नया दांव, ‘बेबी डू डाई डू’ के होंगे पेड प्रीव्यू

जुलाई की शुरुआत बॉक्स ऑफिस पर बड़ी टक्कर के साथ होने जा रही है। 3 जुलाई को हुमा कुरैशी की फिल्म ‘बेबी डू डाई डू’ और आलिया भट्ट की ‘ऐल्फा’ एक ही दिन सिनेमाघरों में रिलीज होंगी।
रिलीज से पहले हुमा कुरैशी की फिल्म के मेकर्स ने नया दांव खेला है। फिल्म के पेड प्रीव्यू शो 2 जुलाई की शाम को आयोजित किए जाएंगे। यानी दर्शक एक दिन पहले टिकट खरीदकर फिल्म देख सकेंगे। फिलहाल मुंबई, पुणे, हैदराबाद और अहमदाबाद में इसकी एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है। जल्द ही दूसरे शहरों में भी बुकिंग शुरू होने की उम्मीद है।
हाल के दिनों में कई फिल्में रिलीज से पहले पेड प्रीव्यू का तरीका अपना रही हैं। माना जाता है कि इससे फिल्म को पहले दिन अच्छा माहौल और सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने में मदद मिलती है।
‘बेबी डू डाई डू’ एक एक्शन-थ्रिलर फिल्म है, जिसमें हुमा कुरैशी एक ऐसी सीरियल किलर का किरदार निभा रही हैं, जो न बोल सकती है और न ही सुन सकती है। फिल्म का निर्देशन नचिकेत सामंत ने किया है, जबकि इसे हुमा कुरैशी और साकिब सलीम ने प्रोड्यूस किया है।
अब देखना होगा कि पेड प्रीव्यू की यह रणनीति बॉक्स ऑफिस पर हुमा कुरैशी की फिल्म को कितना फायदा पहुंचाती है और क्या वह आलिया भट्ट की ‘ऐल्फा’ को कड़ी टक्कर दे पाएगी।

