रायपुर के आसमान में दिखेगा IAF का दम, 30 अक्टूबर को सारंग हेलीकॉप्टरों की उड़ान; 2 नवंबर को होगा एयर शो

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के अवसर पर रायपुरवासियों को (IAF) भारतीय वायुसेना के रोमांचक हवाई प्रदर्शन का नजारा देखने को मिलेगा। शुक्रवार, 30 अक्टूबर को भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम रायपुर शहर के आसमान में अभ्यास उड़ान भरेगी।
दोपहर 12:20 बजे से 12:45 बजे के बीच होने वाली इस उड़ान को लोग अपने घरों की छतों और शहर के खुले स्थानों से देख सकेंगे।
2 नवंबर को नवा रायपुर में होगा एयर शो
राज्योत्सव के तहत 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में सारंग हेलीकॉप्टर एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम का विशेष एयर शो आयोजित किया जाएगा। इस दौरान टीम अपने शानदार हवाई करतब और बेहतरीन समन्वय का प्रदर्शन करेगी।
स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टरों से लैस है टीम
भारतीय वायुसेना की सारंग टीम अपने सटीक उड़ान कौशल, अनुशासन और साहसिक प्रदर्शन के लिए जानी जाती है। स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टरों से सुसज्जित यह टीम हवाई करतबों के जरिए भारतीय वायुसेना की तकनीकी क्षमता और पेशेवर दक्षता का प्रदर्शन करती है।
राज्योत्सव के दौरान होने वाला यह एयर शो राजधानी के लोगों के लिए खास आकर्षण रहने वाला है।



