अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस: देशभर में 1,000 योग और ध्यान सत्र आयोजित करेगा ईशा फाउंडेशन

नई दिल्ली। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ईशा फाउंडेशन देशभर में करीब 1,000 योग और ध्यान सत्र आयोजित करने जा रहा है। इन कार्यक्रमों में कॉर्पोरेट, शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी विभागों, अस्पतालों और सामुदायिक समूहों सहित लगभग 50 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है।
ईशा फाउंडेशन के प्रशिक्षित स्वयंसेवक और शिक्षक इन सत्रों का संचालन करेंगे। प्रतिभागियों को ऐसे सरल और प्रभावी योग अभ्यास सिखाए जाएंगे, जिन्हें वे अपनी रोजमर्रा की दिनचर्या में आसानी से शामिल कर सकें। इन अभ्यासों का उद्देश्य शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक संतुलन और जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाना है।
योग दिवस के मौके पर फाउंडेशन अपने ‘मिरेकल ऑफ माइंड’ ध्यान कार्यक्रम को भी अधिक लोगों तक पहुंचाने की तैयारी में है। यह सात मिनट का निर्देशित ध्यान है, जिसे मोबाइल ऐप के माध्यम से मुफ्त में किया जा सकता है। अब इसे कई नई भाषाओं में भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग अपनी मातृभाषा में इसका लाभ उठा सकें।
बेंगलुरु और कोयंबटूर स्थित ईशा केंद्रों में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें छात्र, सुरक्षा बलों के जवान, ग्रामीण, स्वयंसेवक और आम नागरिक हिस्सा लेंगे। फाउंडेशन का कहना है कि योग को जन-जन तक पहुंचाने और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है।

