छत्तीसगढ़ पावर ट्रांसमिशन कंपनी लाएगी IPO! आम निवेशकों को मिलेगा हिस्सेदार बनने का मौका

रायपुर। छत्तीसगढ़ पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (CSPTCL) जल्द ही अपना आईपीओ (इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग) लाने की तैयारी कर रही है। आईपीओ के जरिए कंपनी आम निवेशकों से पूंजी जुटाएगी। यदि यह योजना सफल होती है, तो CSPTCL छत्तीसगढ़ सरकार की पहली ऐसी कंपनी बन जाएगी, जिसके शेयर शेयर बाजार में कारोबार के लिए उपलब्ध होंगे।
जानकारी के अनुसार, कंपनी स्तर पर इस विषय पर उच्च स्तरीय चर्चा चल रही है। आईपीओ के माध्यम से कंपनी अपनी हिस्सेदारी का एक हिस्सा आम निवेशकों के लिए जारी करेगी।
शेयर बाजार में होगी लिस्टिंग
आईपीओ आने के बाद कंपनी के शेयर स्टॉक मार्केट में सूचीबद्ध होंगे और निवेशक उनकी खरीद-बिक्री कर सकेंगे। कंपनी के प्रदर्शन के आधार पर शेयरों की कीमत में उतार-चढ़ाव होगा, जिससे उसका मार्केट कैपिटलाइजेशन भी बढ़ सकता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि लिस्टिंग से कंपनी को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी और निवेशकों का दायरा भी बढ़ेगा। इसके साथ ही आम लोग भी कंपनी के हिस्सेदार बन सकेंगे।
निवेशकों को मिल सकता है डिविडेंड
कंपनी के मुनाफे में बढ़ोतरी होने पर भविष्य में शेयरधारकों को डिविडेंड का लाभ भी मिल सकता है। इससे निवेशकों को अतिरिक्त आय का अवसर मिलेगा।
पहले भी जुटाई जा चुकी है पूंजी
इससे पहले छत्तीसगढ़ पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध हो चुकी है, हालांकि उसके शेयरों में कारोबार नहीं होता। वहीं, वर्ष 2014-15 और 2015-16 में कंपनी ने बॉन्ड जारी कर निवेशकों से पूंजी जुटाई थी।
शासन स्तर पर चल रही चर्चा
छत्तीसगढ़ पावर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला ने बताया कि देश के कई राज्यों की सरकारी बिजली कंपनियां और केंद्र सरकार की ऊर्जा कंपनियां पहले से शेयर बाजार में सूचीबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि CSPTCL के आईपीओ को लेकर उच्च स्तर पर चर्चा जारी है और यह शासन स्तर का विषय है।
आईपीओ को लेकर अंतिम फैसला होने के बाद कंपनी की ओर से विस्तृत जानकारी जारी की जाएगी। फिलहाल इस पहल को छत्तीसगढ़ के ऊर्जा क्षेत्र के लिए एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

