छत्तीसगढ़ में 8,720 पदों पर नौकरी का मौका, 7-8 अक्टूबर को लगेगा राज्यस्तरीय रोजगार मेला; 36 नियोजक होंगे शामिल

रायपुर। छत्तीसगढ़ के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है। कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग की ओर से राजधानी रायपुर के बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में 7 और 8 अक्टूबर 2026 को दो दिवसीय राज्यस्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। अब तक 36 नियोजकों और प्लेसमेंट संस्थाओं ने 8,720 रिक्तियों की जानकारी विभाग को दी है।
10वीं से पोस्ट ग्रेजुएट तक के युवाओं के लिए अवसर
रोजगार मेले में 10वीं, 12वीं, ITI, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, B.Sc. Agriculture, स्नातक और स्नातकोत्तर (MBA, MCA आदि) योग्यताधारी युवा आवेदन कर सकेंगे। विभाग अन्य औद्योगिक और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से भी संपर्क कर रहा है, इसलिए रिक्तियों की संख्या बढ़ सकती है।
मैन्युफैक्चरिंग से हेल्थकेयर तक नौकरियां
मेले में मैन्युफैक्चरिंग, टेक्निकल, इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल, ऑटोमोबाइल, सेल्स एवं मार्केटिंग, बैंकिंग-फाइनेंस, ऑफिस वर्क एवं HR, कस्टमर सर्विस, हेल्थकेयर, सिक्योरिटी, लॉजिस्टिक्स-डिलीवरी और कृषि-एग्री बिजनेस जैसे क्षेत्रों में रोजगार के अवसर मिलेंगे।
उपलब्ध पदों में मशीन ऑपरेटर, असेंबली ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन, मेंटेनेंस इलेक्ट्रिशियन, मैकेनिकल इंजीनियर, QA/QC इंस्पेक्टर, सेल्स एग्जीक्यूटिव/ऑफिसर, कंप्यूटर ऑपरेटर, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, टेलीकॉलर, रिलेशनशिप मैनेजर, नर्सिंग स्टाफ, केयरटेकर, सिक्योरिटी गार्ड, सिक्योरिटी सुपरवाइजर, ड्राइवर, डिलीवरी बॉय, बाइक राइडर और पिकर-पैकर शामिल हैं। विभिन्न ट्रेडों में अप्रेंटिस और ट्रेनी के पद भी उपलब्ध हैं।
इन सेक्टर में सबसे ज्यादा वैकेंसी
सेक्टरवार उपलब्ध रिक्तियों में टेक्निकल-मैन्युफैक्चरिंग में करीब 4,800, लॉजिस्टिक्स-ट्रांसपोर्ट में 1,600, सिक्योरिटी में 650 और हेल्थकेयर-केयर सर्विसेज में करीब 580 पद शामिल हैं।
इन कंपनियों में भी मिल सकता है मौका
रोजगार मेले के लिए क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स-सतलज टेक्सटाइल्स, वर्धमान टेक्सटाइल्स, जेनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर, एयरटेल पेमेंट्स बैंक, इंस्टाकार्ट, स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल, स्वतंत्र माइक्रोफिन, NIIT, आईसेक्ट, शांता टेक्नो, राजत इक्विपमेंट्स और फर्स्ट फ्लाई कॉर्पोरेट समेत कई कंपनियों ने रिक्तियां उपलब्ध कराई हैं।
इनमें छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ देश के दूसरे राज्यों में रोजगार के अवसर भी शामिल हैं।
ई-रोजगार पोर्टल से करना होगा आवेदन
अभ्यर्थी erojgar.cg.gov.in पोर्टल पर उपलब्ध रिक्तियों को देखकर अपनी योग्यता और रुचि के अनुसार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए पहले रजिस्ट्रेशन कर प्रोफाइल अपडेट करनी होगी। इसके बाद पसंद का पद चुनकर आवेदन करना होगा और प्रवेश पत्र डाउनलोड कर उसका प्रिंट निकालना होगा।
पोर्टल पर उपलब्ध प्रोफाइल और आवेदनों के आधार पर नियोजक अभ्यर्थियों की शॉर्टलिस्टिंग और प्रारंभिक चयन भी कर सकेंगे।
मेले में ये दस्तावेज ले जाना जरूरी
अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र का प्रिंट, पहचान पत्र, शैक्षणिक एवं तकनीकी प्रमाण-पत्र, रोजगार पंजीयन कार्ड, बायोडाटा और पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना होगा। अनुभव प्रमाण-पत्र लागू होने पर उसे भी साथ रखना होगा। अभ्यर्थियों को सभी दस्तावेजों की मूल प्रति और छायाप्रति साथ लाने की सलाह दी गई है।
8 अक्टूबर को बांटे जाएंगे ऑफर लेटर
रोजगार मेले के दूसरे दिन 8 अक्टूबर को चयनित युवाओं को ऑफर लेटर वितरित किए जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि होंगे, जबकि कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
संचालक रोजगार एवं प्रशिक्षण हेमंत रमेश नंदनवार (IAS) ने बताया कि विभाग अन्य प्रमुख उद्योगों और नियोजकों से भी लगातार संपर्क कर रहा है। रोजगार मेले में भाग लेने के इच्छुक उद्योग और नियोजक 7999385638 और 7000397968 पर संपर्क कर सकते हैं।



