‘लापता लेडीज’ और ‘मिर्जापुर’ के एक्टर का रोते हुए वीडियो वायरल: मैहर में शूटिंग के दौरान फीस विवाद का आरोप, डायरेक्टर पर लगाए गंभीर आरोप

मैहर। फिल्म लापता लेडीज और वेब सीरीज मिर्जापुर में अभिनय (actor) कर चुके अभिनेता सतेंद्र सोनी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में अभिनेता भावुक होकर रोते नजर आ रहे हैं और फिल्म की शूटिंग के दौरान अपने साथ कथित तौर पर हुए दुर्व्यवहार और भुगतान विवाद का आरोप लगा रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद उनके प्रशंसकों ने चिंता जताई है।
सतेंद्र सोनी (actor) ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किए गए वीडियो में बताया कि वह मध्य प्रदेश के मैहर में फिल्म पेड पालकी की शूटिंग के लिए पहुंचे थे। उनके अनुसार, फिल्म के निर्देशक पुष्पेंद्र से उनकी फीस को लेकर पहले ही सहमति बनी थी और उन्हें 50 हजार रुपए साइनिंग अमाउंट दिया गया था। बाकी भुगतान शूटिंग के दौरान किए जाने का आश्वासन दिया गया था।
अभिनेता का दावा है कि आठ दिन की शूटिंग पूरी होने के बाद जब उन्होंने अपनी बाकी फीस मांगी तो विवाद शुरू हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि भुगतान की मांग करने पर उन्हें अचानक सेट से हटाने की बात कही गई और होटल छोड़ने के लिए भी कहा गया।
वीडियो में सतेंद्र सोनी (actor) ने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान उन्हें कथित रूप से जान से मारने की धमकी दी गई। अपनी आपबीती बताते हुए वह भावुक हो गए और लोगों से मदद की अपील की। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
हालांकि बाद में अभिनेता ने एक और वीडियो साझा कर बताया कि वह सुरक्षित मुंबई पहुंच चुके हैं। उन्होंने उन लोगों का आभार जताया, जिन्होंने कठिन परिस्थिति में उनकी मदद की। उन्होंने कहा कि अब वह सुरक्षित हैं और सभी शुभचिंतकों का धन्यवाद करते हैं।
फिलहाल अभिनेता द्वारा लगाए गए आरोपों पर फिल्म के निर्देशक या निर्माण पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले को लेकर सोशल मीडिया पर बहस जारी है और कई लोग पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

