स्पोर्ट्स सामान की आड़ में शराब तस्करी, ट्रक से 268 पेटी बरामद

पंचकूला। पंचकूला पुलिस ने स्पोर्ट्स सामान की आड़ में चंडीगढ़ से पश्चिम बंगाल और असम तक अवैध शराब ( Liquor smuggled ) पहुंचाने वाले नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।
एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने एक ट्रक से चंडीगढ़ मार्का शराब की 268 पेटियां बरामद की हैं। शराब की मात्रा करीब 2500 लीटर और अनुमानित कीमत 13.5 लाख रुपए बताई गई है। मामले में ट्रक चालक शहजाद आलम को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, एंटी नारकोटिक सेल को सूचना मिली थी कि चंडीगढ़ से एक ट्रक में बड़ी मात्रा में अवैध शराब भेजी जा रही है। इसके बाद टीम ने घग्घर पार कर कमांडो कॉम्प्लेक्स की ओर जाने वाले कट के पास नाकाबंदी की। संदिग्ध ट्रक को रोककर चालक से पूछताछ की गई।
पुलिस ने निगरानी के लिए एक जवान ( Liquor smuggled ) को चालक के साथ बैठाया। आरोप है कि चालक ने अचानक ट्रक तेज रफ्तार से भगाने की कोशिश की। उसने पुलिसकर्मी को धक्का दिया और कुछ दूरी पर चलती गाड़ी से छलांग लगा दी। भागने के दौरान उसके सिर में चोट लगी। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
तलाशी में ट्रक के अंदर स्पोर्ट्स सामान के पीछे छिपाकर रखी गई 268 पेटी शराब ( Liquor smuggled ) मिली। जांच में पता चला कि ट्रक में पहले जालंधर से स्पोर्ट्स सामान लोड किया गया था। इसके बाद चंडीगढ़ से शराब रखी गई। इसे सिलीगुड़ी और बारपेटा होते हुए पश्चिम बंगाल और असम पहुंचाने की योजना थी।
पुलिस अब शराब की सप्लाई करने वाले और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। मामले में आबकारी अधिनियम समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है।



