देश में बाढ़-बारिश का बड़ा असर: बिहार में 41 लाख लोग प्रभावित, यूपी के 26 जिले डूबे; कई राज्यों में अलर्ट

दिल्ली। बिहार में लगातार बारिश (floods and rains) के बाद बाढ़ का संकट गहराता जा रहा है। राज्य के 14 जिलों में करीब 41.45 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। सबसे ज्यादा असर पटना, भोजपुर, सारण, वैशाली, भागलपुर और बेगूसराय में देखने को मिल रहा है। हालांकि कुछ इलाकों में पानी उतरना शुरू हुआ है, लेकिन 517 पंचायतों में अब भी हालात गंभीर बने हुए हैं।
सुल्तानगंज में गंगा ने तोड़ा पुराना रिकॉर्ड
भागलपुर के सुल्तानगंज में गंगा का जलस्तर 36.78 मीटर तक पहुंच गया है। यह 2021 में दर्ज 36.75 मीटर के अब तक के सबसे ऊंचे स्तर से भी ज्यादा है। गंगा का पानी तिलकामांझी यूनिवर्सिटी परिसर में घुस गया है। इसके चलते शिक्षक और छात्र आने-जाने के लिए नाव का सहारा ले रहे हैं। खगड़िया के कई गांवों में भी कमर तक पानी भर गया है।
बिहार में सितंबर के दौरान अब तक 83.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जो सामान्य से 24% ज्यादा है। कई नदियां खतरे के निशान के आसपास या उससे ऊपर बह रही हैं।
यूपी के 26 जिले बाढ़ की चपेट में
उत्तर प्रदेश में भी बाढ़ का असर (floods and rains) बना हुआ है। प्रदेश के 26 जिलों में करीब 4 लाख लोग प्रभावित हैं। आज 36 जिलों में बारिश का अलर्ट है, जबकि 22 जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
गोंडा में घाघरा नदी के उफान से 30 गांवों की करीब 25 हजार आबादी बाढ़ से घिर गई है। बरेली में रामगंगा नदी के बढ़ते पानी में प्राचीन मंदिर समा गया। बाराबंकी में सरयू के पानी से करीब 12 मकान डूब गए हैं। फर्रुखाबाद में 10 दिन के भीतर 15 मकान गंगा में समा चुके हैं।
MP में राहत, राजस्थान में कल से बारिश
मध्यप्रदेश में फिलहाल मानसून (floods and rains) कमजोर है। अगले तीन दिन तेज बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं राजस्थान में 11 सितंबर से बारिश का नया दौर शुरू होने का अनुमान है। शुक्रवार को 5 जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट है। बुधवार को राज्य के 10 शहरों में तापमान 35 डिग्री से ऊपर रहा।
उत्तराखंड में भी बारिश का असर जारी है। देहरादून, टिहरी, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश की संभावना है। बागेश्वर के कपकोट रोड पर पहाड़ों से लगातार पत्थर गिरने के कारण हाईवे बंद हो गया है।



