ऑनलाइन आतंकी नेटवर्क पर NIA का बड़ा एक्शन, 10 राज्यों में 20 ठिकानों पर छापे; कई डिजिटल सबूत जब्त

दिल्ली। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने ऑनलाइन आतंकवादी साजिश से जुड़े एक बड़े मामले में बुधवार को देशभर में व्यापक कार्रवाई करते हुए 10 राज्यों के 20 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।
जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपियों का मकसद प्रतिबंधित आतंकी संगठनों की विचारधारा का प्रचार कर युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेलना और हिंसक जिहाद के जरिए भारत में इस्लामी शासन स्थापित करने की साजिश रचना था।
मार्च 2026 में दर्ज हुआ था केस
NIA के मुताबिक, यह मामला आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में मार्च 2026 में दर्ज हुआ था। मुख्य आरोपी रहमतुल्ला शरीफ मोहम्मद के ठिकाने पर छापेमारी के दौरान प्रतिबंधित आतंकी संगठनों से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री और डिजिटल साक्ष्य बरामद हुए थे। बाद में जांच एनआईए ने अपने हाथ में ली।
जांच के तहत आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, राजस्थान, गुजरात और दिल्ली में एक साथ छापेमारी की गई। इस दौरान कई मोबाइल फोन, लैपटॉप, हार्ड डिस्क और अन्य डिजिटल उपकरण जब्त किए गए। अब तक इस मामले में 11 लोगों और एक किशोर को हिरासत में लिया जा चुका है।
ऑनलाइन प्लेटफार्म से बना रहे थे जिहादी
NIA का कहना है कि आरोपी विदेशी हैंडलरों के संपर्क में रहकर सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए जिहादी विचारधारा का प्रचार कर रहे थे। जांच में यह भी सामने आया कि देशभर के युवाओं को भड़काने और कट्टरपंथी बनाने के लिए ऑनलाइन सामग्री साझा की जा रही थी।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक पेंट कारोबारी के घर तथा बुलंदशहर में मेडिकल स्टोर संचालक के ठिकाने पर भी छापेमारी की गई। वहीं राजस्थान के जोधपुर में एक संदिग्ध के घर से बैंक दस्तावेज, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री की जांच की गई।
एनआईए ने बताया कि सभी जब्त डिजिटल उपकरणों की फोरेंसिक जांच की जा रही है। एजेंसी का कहना है कि ऑनलाइन कट्टरपंथ और आतंकी नेटवर्क से जुड़े पूरे मॉड्यूल का पर्दाफाश करने के लिए जांच लगातार जारी है।

