‘मिर्जापुर: द मूवी’ के नए पोस्टर रिलीज, जितेंद्र कुमार, रवि किशन और अभिषेक बनर्जी की दमदार एंट्री से बढ़ा भौकाल

‘मिर्जापुर: द मूवी’ को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. मेकर्स ने फिल्म के नए पोस्टर जारी किए हैं, जिनमें जितेंद्र कुमार, रवि किशन और अभिषेक बनर्जी के लुक ने फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है. हालांकि, तीनों के किरदारों को लेकर अभी सस्पेंस बरकरार है.
‘मिर्जापुर: द मूवी’ के नए पोस्टर्स रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर चर्चा तेज हो गई है. मेकर्स ने पहली बार जितेंद्र कुमार, रवि किशन और अभिषेक बनर्जी के लुक से पर्दा उठाया है, जिससे फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई है.
पोस्टर में जितेंद्र कुमार हाथ में बंदूक लिए बेहद आक्रामक अंदाज में नजर आ रहे हैं. उनका यह नया अवतार बदले की कहानी की ओर इशारा करता दिख रहा है. वहीं रवि किशन सिगरेट पीते हुए दमदार लुक में दिखाई दे रहे हैं. फिल्म में वह ‘बब्बन बबुआ’ के किरदार में नजर आएंगे, लेकिन उनकी भूमिका को लेकर मेकर्स ने अभी कोई खुलासा नहीं किया है.
अभिषेक बनर्जी भी इस बार नए अंदाज में दिखेंगे. फिल्म में वह कंपाउंडर की भूमिका निभा रहे हैं. वह पहले भी ‘मिर्जापुर’ फ्रेंचाइजी का हिस्सा रह चुके हैं, लेकिन इस बार उनका किरदार पहले से अलग और अहम बताया जा रहा है.

नए पोस्टर्स के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस की जबरदस्त प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है. अब दर्शकों को फिल्म के ट्रेलर और रिलीज का बेसब्री से इंतजार है. मेकर्स का दावा है कि ‘मिर्जापुर: द मूवी’ बड़े पर्दे पर पहले से ज्यादा दमदार और भौकाल भरी कहानी लेकर आएगी.

