National

20 जुलाई से फिर एक्टिव होगा मानसून, यूपी-बिहार समेत 18 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

दिल्ली। उत्तर-पश्चिम भारत, राजस्थान और गुजरात में पिछले कुछ दिनों से कमजोर पड़ा मानसून (Monsoon) 20 जुलाई से एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पूर्वोत्तर भारत के ऊपर बने चक्रवाती सिस्टम और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से देश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। इसके चलते उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 18 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विभाग (Monsoon)  ने उत्तर प्रदेश और बिहार के कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, असम, मेघालय, सिक्किम और हिमालय से सटे पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। जम्मू-कश्मीर, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के अन्य क्षेत्रों में येलो अलर्ट जारी है। दूसरी ओर राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश और गुजरात के सीमावर्ती इलाकों में गर्मी और लू की स्थिति बनी रह सकती है।

उत्तर प्रदेश के 22 जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है, जबकि बिहार के 27 जिलों में अगले चार दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ कई स्थानों पर तेज बारिश की संभावना जताई गई है। दोनों राज्यों में इस मानसून सीजन में अब तक सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई है।

छत्तीसगढ़ में भी मानसून (Monsoon)  सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर समेत राज्य के उत्तरी और बस्तर क्षेत्र के कई जिलों में अगले पांच दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा। प्रदेश में अब तक सामान्य से करीब 21 प्रतिशत कम बारिश हुई है, लेकिन आने वाले दिनों में इसकी भरपाई होने की उम्मीद है।

वहीं उत्तराखंड में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन से कई सड़कें बंद हैं। दूसरी ओर राजस्थान में अगले कुछ दिनों तक व्यापक बारिश की संभावना कम है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button