रायपुर में जल्द शुरू होगा MR-43 सड़क का काम, 3 लाख से ज्यादा लोगों को मिलेगा सीधा फायदा

रायपुर। राजधानी रायपुर के 2021 के मास्टर प्लान में प्रस्तावित MR-43 सड़क का काम जल्द शुरू होने जा रहा है। लाभांडी से कचना होते हुए सड्डू तक बनने वाली करीब 3 किलोमीटर लंबी नई सड़क के लिए लैंड यूज बदलने की अधिसूचना जारी कर दी गई है। सड़क बनने के बाद तीन लाख से ज्यादा लोगों को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है।
लाभांडी, कचना, सड्डू और बलौदाबाजार की ओर आने-जाने वाले लोगों का करीब 20 मिनट तक का समय बच सकता है। नई सड़क बनने से लोगों को जाम और अतिरिक्त ट्रैफिक से भी राहत मिलेगी। इसके अलावा सड्डू, कचना और विधानसभा रोड पर लगातार बढ़ रहे ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा।
जमीन के लैंड यूज में होगा बदलाव
आवास एवं पर्यावरण विभाग के विशेष सचिव देवेंद्र भारद्वाज की ओर से शुक्रवार को जमीन के खसरा नंबरों के साथ इस संबंध में अखबारों में सूचना प्रकाशित की गई है। इसके दायरे में शहर के दो बड़े बिल्डरों की जमीन भी आ रही है।
अधिसूचना में दावा-आपत्ति के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। निर्धारित अवधि के बाद किसी भी तरह की आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी। लोग अपनी आपत्तियां कलेक्टोरेट, संभाग कमिश्नर, टाउन प्लानिंग और नगर निगम कार्यालय में दर्ज करा सकते हैं।
करीब 99.100 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण
नई सड़क के लिए करीब 99.100 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है। फिलहाल यह जमीन आवासीय उपयोग में है, जिसे लैंड यूज परिवर्तन के बाद मिश्रित उपयोग में लाया जाएगा।
करीब तीन किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA) और लोक निर्माण विभाग (PWD) की ओर से किया जाएगा। सड़क लाभांडी, कचना और सड्डू होते हुए बलौदाबाजार जाने वाली मुख्य सड़क से जोड़ी जाएगी।
इन इलाकों के लोगों को होगा बड़ा फायदा
MR-43 के बनने से VIP स्टेट खम्हारडीह, अशोका रतन, कचना हाउसिंग बोर्ड, पिरदा, बाराडेरा, जोरा, चंडीनगर, पार्वती नगर और भावना नगर समेत कई इलाकों के लोगों को फायदा होगा।
आठ से ज्यादा वार्डों में रहने वाले करीब तीन लाख लोग सीधे रिंग रोड से जुड़ सकेंगे। इससे ट्रैफिक सिग्नल और जाम में फंसने की समस्या भी कम होगी। अकेले कचना क्षेत्र में 20 से ज्यादा नई कॉलोनियां विकसित हो रही हैं, ऐसे में वहां रहने वाले लोगों के लिए भी यह सड़क महत्वपूर्ण होगी।
RDA करेगा सड़क निर्माण की शुरुआत
MR-43 सड़क का बड़ा हिस्सा ग्रीन लैंड क्षेत्र में आता है। इसी वजह से इसके लैंड यूज में बदलाव किया जा रहा है। ग्रीन लैंड वाले हिस्से में सड़क निर्माण की शुरुआत RDA करेगा, जबकि करीब 2 किलोमीटर सड़क का निर्माण PWD की ओर से किया जाएगा।
सड़क के लिए सर्वे का काम पहले ही पूरा हो चुका है। ग्रीन लैंड क्षेत्र में कुल 293 खसरे शामिल हैं। इसमें करीब 10 हेक्टेयर सरकारी जमीन भी है।
नई सड़क कोर्टयार्ड मैरियट होटल के पास से दाहिनी ओर जुड़ेगी और रेलवे क्रॉसिंग पार करते हुए सीधे कचना ओवरब्रिज से जुड़ जाएगी।

नवा रायपुर के पास विकसित हो रहा नया टाउनशिप
रायपुर विकास प्राधिकरण की ओर से कौशल्या विहार के करीब 16 साल बाद नवा रायपुर के पास पिरदा और तुलसी गांव में 143 हेक्टेयर यानी करीब 353.4 एकड़ जमीन पर नया टाउनशिप विकसित किया जा रहा है।
इस योजना के तहत जमीन मालिकों को उनकी जमीन के बदले 40 प्रतिशत विकसित भूमि वापस दी जाएगी। इसकी अधिसूचना 11 अगस्त को जारी की गई है।
इसी नए टाउनशिप को लाभांडी, सड्डू, कचना और बलौदाबाजार रोड से जोड़ने के लिए MR-43 सड़क का निर्माण किया जा रहा है। सड़क बनने के बाद पिरदा और तुलसी में विकसित होने वाले टाउनशिप से मुख्य सड़कों तक पहुंच आसान हो जाएगी। इससे क्षेत्र में जमीन की खरीद-बिक्री और विकास गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।



