नायब तहसीलदार तुषार मानिक प्रकरण: गिरफ्तारी नहीं होने पर 1 जून से प्रदेशभर में कलमबंद और कामबंद आंदोलन

रायपुर। सरगुजा में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिक से हुई मारपीट के मामलें में कार्रवाई नहीं होने पर छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने आंदोलन करने का ऐलान किया है। संघ ने घोषणा की है कि 1 जून 2026 से प्रदेश में कलमबंद, कामबंद आंदोलन और सामूहिक अवकाश पर रहेंगे।
संघ के अनुसार 27 मई 2026 को नायब तहसीलदार तुषार मानिक अपने न्यायालयीन एवं राजस्व दायित्वों का निर्वहन कर रहे थे। इसी दौरान उनके साथ अभद्रता, मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने की गंभीर घटना हुई।
अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई
घटना के विरोध में 29 मई को प्रदेशभर के अधिकारियों ने सामूहिक अवकाश लेकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन किया था। दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की थी।
हालांकि अब तक मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से राजस्व अधिकारियों और कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों में भारी नाराजगी है।
अधिकारियों के बीच भय का वातावरण बनेगा
संघ ने चेतावनी दी है कि दोषियों पर त्वरित कार्रवाई नहीं हुई, तो इससे प्रदेशभर के अधिकारियों का मनोबल प्रभावित होगा। साथ ही निष्पक्ष प्रशासनिक और न्यायिक कार्यवाही करने वाले अधिकारियों के बीच भय का वातावरण बनेगा।
कर्मचारी और अधिकारी संगठनों ने भी खुलकर समर्थन दिया
इस मामले में विभिन्न कर्मचारी और अधिकारी संगठनों ने भी खुलकर समर्थन दिया है। छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय छात्रावास अधीक्षक संघ ने घटना की निंदा करते हुए अधिकारियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने की मांग की है।
वहीं, राजस्व पटवारी संघ ने भी दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के आंदोलन को समर्थन दिया है।
संघ का कहना है कि यह मामला किसी एक अधिकारी तक सीमित नहीं है, बल्कि संपूर्ण प्रशासनिक व्यवस्था और शासकीय सेवाओं की गरिमा से जुड़ा हुआ विषय है। ऐसे में सरकार को तत्काल प्रभावी कार्रवाई कर दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करनी चाहिए।

