जुलाई के दूसरे सप्ताह में जारी हो सकता है NEET UG 2026 का रिजल्ट, मूल्यांकन प्रक्रिया अंतिम चरण में

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) जल्द ही नीट यूजी 2026 परीक्षा का परिणाम जारी कर सकती है। जानकारी के अनुसार, मूल्यांकन प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जुलाई के दूसरे सप्ताह में रिजल्ट घोषित किए जाने की संभावना है। यदि ऐसा होता है तो इस वर्ष परिणाम अपेक्षाकृत कम समय में जारी होने का रिकॉर्ड भी बन सकता है।
बताया जा रहा है कि एनटीए ने उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू कर दिया है और प्रोविजनल आंसर-की पर प्राप्त आपत्तियों के निपटारे की प्रक्रिया भी तेजी से चल रही है। इसी के आधार पर अंतिम उत्तर कुंजी तैयार कर परिणाम जारी किया जाएगा।
इस वर्ष नीट यूजी परीक्षा का आयोजन 3 मई को हुआ था, लेकिन पेपर लीक की घटना सामने आने के बाद परीक्षा रद्द कर दी गई। इसके बाद 21 जून को दोबारा परीक्षा आयोजित की गई। री-एग्जाम के कारण पूरा प्रवेश सत्र पहले से ही देरी का शिकार हुआ है। ऐसे में एनटीए मेडिकल पाठ्यक्रमों में समय पर दाखिला प्रक्रिया शुरू कराने के उद्देश्य से जल्द परिणाम जारी करने की तैयारी में है।
पिछले वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2021 में परीक्षा के 60 दिन बाद, 2022 में 53 दिन बाद, 2023 में 39 दिन बाद, 2024 में 31 दिन बाद और 2025 में 40 दिन बाद परिणाम घोषित किया गया था। इस बार भी परिणाम जल्द जारी करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
रिजल्ट जारी होने के बाद मेडिकल काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू होगी। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) की देखरेख में ऑल इंडिया कोटा और राज्य कोटा के तहत एमबीबीएस सहित विभिन्न मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। इसके बाद ही नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत होगी।

