National

NEET-UG री-एग्जाम आज: 23 लाख छात्र देंगे परीक्षा, 564 शहरों में 5400 से ज्यादा सेंटर

दिल्ली। देशभर में आज NEET-UG 2026 का री-एग्जाम आयोजित किया जा रहा है।

पेपर लीक विवाद के कारण रद्द की गई परीक्षा के बाद यह देश की सबसे बड़ी और सबसे ज्यादा निगरानी वाली परीक्षाओं में से एक मानी जा रही है। इस बार करीब 22.79 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।

ऐसे में यह परीक्षा केवल छात्रों के लिए ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की विश्वसनीयता की भी बड़ी परीक्षा मानी जा रही है।

564 शहरों में 5400 से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए

NEET-UG परीक्षा के लिए भारत और विदेश सहित कुल 564 शहरों में 5400 से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें भारत के 551 और विदेश के 12 शहर शामिल हैं। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शुरू होकर 5:15 बजे तक चलेगी।

NTA ने इस बार परीक्षा अवधि 180 मिनट से बढ़ाकर 195 मिनट कर दी है। वहीं PwD और PwBD श्रेणी के उम्मीदवारों को अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा।

सुरक्षा को लेकर अभूतपूर्व इंतजाम किए गए

सुरक्षा को लेकर अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। देशभर में 2 लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी, 674 सिटी कोऑर्डिनेटर और 6,669 ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं।

पहली बार प्रश्नपत्रों को सुरक्षित पहुंचाने के लिए भारतीय वायुसेना के विमान और हेलिकॉप्टरों का इस्तेमाल किया गया है। वायुसेना ने 200 से अधिक उड़ानों के जरिए प्रश्नपत्रों को विभिन्न जोन तक पहुंचाया।

CCTV कैमरों से निगरानी

परीक्षा केंद्रों पर CCTV कैमरों से निगरानी की जाएगी, जिसकी लाइव मॉनिटरिंग केंद्रीय कंट्रोल रूम से होगी। NEET-UG प्रश्नपत्रों के परिवहन के लिए GPS ट्रैकिंग सिस्टम लगाया गया है। देशभर में 95 हजार से अधिक परीक्षा कक्ष बनाए गए हैं।

गौरतलब है कि 3 मई को आयोजित परीक्षा पेपर लीक के आरोपों के बाद 12 मई को रद्द कर दी गई थी। मामले की जांच फिलहाल CBI कर रही है। NTA ने छात्रों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने की अपील की है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button