छत्तीसगढ़ में राहुल गांधी का एकदिवसीय दौरा, अभनपुर में कांग्रेस की “पाठशाला”; भाजपा-कांग्रेस में तीखी बयानबाजी
10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे राहुल गांधी, संगठन सृजन अभियान के तहत नेताओं को मिलेगा राजनीतिक प्रशिक्षण

रायपुर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) आज एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंच रहे हैं।
वे रायपुर जिले के अभनपुर में आयोजित कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में करीब 4 घंटे तक मौजूद रहेंगे।
इस दौरान वे प्रदेशभर से आए जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों के साथ सीधा संवाद करेंगे और संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन तथा आगामी चुनावी रणनीति पर मार्गदर्शन देंगे।
शनिवार से शुरु हो चुका प्रशिक्षण
कांग्रेस (Rahul Gandhi) का यह प्रशिक्षण शिविर शनिवार से अभनपुर के चांदी मोड़ स्थित आशुतोष-अलका अग्रवाल मंगल भवन में शुरू हो चुका है।
संगठन सृजन अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में नवनियुक्त जिला और शहर अध्यक्ष शामिल हो रहे हैं। शिविर का उद्देश्य पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना बताया जा रहा है।
शिविर में मिलेगा कांग्रेस नेताओं को प्रशिक्षण
शिविर में नेताओं को केवल राजनीतिक भाषणों तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि उन्हें ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों से संवाद करने, मनरेगा की स्थिति समझने, नशे की समस्या और स्थानीय सामाजिक-आर्थिक मुद्दों का अध्ययन करने की जिम्मेदारी भी दी गई है।
साथ ही योग, व्यक्तित्व विकास, मीडिया हैंडलिंग और बूथ मैनेजमेंट जैसे विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।
भाजपा ने बयानबाजी शुरू की
राहुल गांधी (Rahul Gandhi) विशेष सत्र में संगठन की मजबूती, भाजपा के खिलाफ राजनीतिक नैरेटिव और आगामी चुनावों की रणनीति पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट सहित कई वरिष्ठ नेता भी प्रशिक्षण सत्रों में शामिल हैं।
इधर, राहुल गांधी के दौरे को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने तंज कसते हुए सवाल उठाए कि राहुल गांधी “कांग्रेस कार्यकर्ताओं को क्या सिखाने आ रहे हैं”। वहीं
कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने पलटवार करते हुए उन्हें “एक्सीडेंटल विधायक” बताया और उनके बयानों को राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करार दिया। कुल मिलाकर राहुल गांधी का यह दौरा छत्तीसगढ़ की राजनीति में चर्चा का केंद्र बना हुआ है।

