4000 करोड़ की ‘रामायण’ बना रहे हैं नितेश तिवारी, लेकिन रामानंद सागर की ‘रामायण’ कितने बजट में बनी थी?

नई दिल्ली। रणबीर कपूर स्टारर फिल्म ‘रामायण’ अपने भव्य बजट को लेकर चर्चा में है। दो पार्ट में बन रही इस फिल्म पर करीब 4000 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि टीवी इतिहास की सबसे लोकप्रिय रामानंद सागर की ‘रामायण’ कितने बजट में बनी थी?
1987 में शुरू हुई थी रामानंद सागर की ‘रामायण’
रामानंद सागर की ‘रामायण’ का पहला एपिसोड 25 जनवरी 1987 को दूरदर्शन पर प्रसारित हुआ था। इस धारावाहिक में अरुण गोविल ने भगवान राम, दीपिका चिखलिया ने माता सीता और अरविंद त्रिवेदी ने रावण का किरदार निभाया था। शो के कुल 78 एपिसोड प्रसारित हुए थे और यह भारतीय टेलीविजन के सबसे लोकप्रिय धारावाहिकों में शामिल है।
एक एपिसोड पर करीब 9 लाख रुपये खर्च
रिपोर्ट्स के मुताबिक, रामानंद सागर की ‘रामायण’ के एक एपिसोड को बनाने में करीब 9 लाख रुपये खर्च हुए थे। इस हिसाब से पूरे 78 एपिसोड का कुल बजट लगभग 7 करोड़ रुपये रहा। उस दौर के हिसाब से यह बड़ी रकम थी, लेकिन शो की लोकप्रियता ने इसे ऐतिहासिक बना दिया।
लॉकडाउन में फिर बना था रिकॉर्ड
कोरोना महामारी के दौरान लगे लॉकडाउन में जब इस धारावाहिक का दोबारा प्रसारण हुआ, तब भी इसे करोड़ों दर्शकों ने देखा। कई एपिसोड्स ने रिकॉर्ड टीआरपी हासिल की और नई पीढ़ी ने भी इस शो को खूब पसंद किया।
नई ‘रामायण’ में फिर नजर आएंगे अरुण गोविल
दिलचस्प बात यह है कि 1987 की ‘रामायण’ में भगवान राम का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल अब रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ में राजा दशरथ की भूमिका निभा रहे हैं।
फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं, जबकि निर्माता नमित मल्होत्रा हैं। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के किरदार में नजर आएंगे। मेकर्स फिल्म का पहला पार्ट इस साल दिवाली पर और दूसरा पार्ट अगले साल दिवाली पर रिलीज करने की तैयारी में हैं.

