National

पीएम मोदी अगले हफ्ते करेंगे न्यूजीलैंड का आधिकारिक दौरा, व्यापारिक रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ( PM Modi) अगले सप्ताह न्यूजीलैंड के अपने पहले आधिकारिक दौरे पर जाएंगे। इस यात्रा की जानकारी न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा दोनों देशों के संबंधों को नई दिशा देगा और आर्थिक सहयोग को और मजबूत बनाएगा। हाल ही में भारत और न्यूजीलैंड के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के बाद इस यात्रा को दोनों देशों के रिश्तों के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है।

क्रिस्टोफर लक्सम ने अपने संदेश में कहा कि भारत दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। ऐसे में भारत के साथ मजबूत साझेदारी न्यूजीलैंड की आर्थिक प्रगति के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी ( PM Modi) की यात्रा से व्यापार, निवेश और रणनीतिक सहयोग के नए अवसर खुलेंगे।

इससे पहले न्यूजीलैंड के व्यापार एवं निवेश मंत्री टॉड मैक्ले ने कहा था कि एफटीए लागू होने के बाद दोनों देशों के बीच व्यापार अगले कुछ वर्षों में दोगुना होने की संभावना है। न्यूजीलैंड सरकार अगले 15 वर्षों में भारत में लगभग 20 अरब अमेरिकी डॉलर यानी करीब 1.6 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करने की योजना पर काम कर रही है। निवेश प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए भारत सरकार ‘न्यूजीलैंड सिंगल डेस्क’ व्यवस्था भी विकसित करेगी, जिससे निवेशकों को आवश्यक सरकारी मंजूरियां तेजी से मिल सकेंगी।

अप्रैल 2026 में हुए मुक्त व्यापार समझौते का उद्देश्य केवल व्यापार बढ़ाना नहीं, बल्कि कृषि, विनिर्माण, निवेश, पर्यटन, खेल, शिक्षा, स्टार्टअप, प्रतिभा आदान-प्रदान और लोगों के बीच संपर्क को भी मजबूत करना है। इस समझौते से दोनों देशों के किसानों, छोटे उद्योगों, महिला उद्यमियों, छात्रों और पेशेवरों को नए अवसर मिलने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री मोदी ( PM Modi)  का आगामी दौरा भारत-न्यूजीलैंड संबंधों को नई गति देने और आर्थिक साझेदारी को और व्यापक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button